भारत के 5 सबसे लंबे रेल रूट, ट्रेन में ही बीतते हैं 3 से 4 दिन
भारतीय रेलवे को भारत की लाइफलाइन भी कहा जाता है। प्रतिदिन 2 करोड़ से अधिक यात्री रेलवे के माध्यम से सफर करते हैं। इस कड़ी में भारत में कई रूट ऐसे भी हैं, जो कि हजारों किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हैं। इस लेख में हम ऐसे 5 रूट के बारे में विस्तार से जानेंगे।
भारतीय रेलवे दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। वर्तमान में रेलवे का कुल नेटवर्क 67 हजार किलोमीटर से अधिक है। इस कड़ी में भारत में कई रेलवे रूट ऐसे हैं, जो कि हजार किलोमीटर की यात्रा कवर करते हैं।
इसमें असम से लेकर कन्याकुमारी और कन्याकुमारी से लेकर श्री माता वैष्णो देवी, कटड़ा के रूट शामिल हैं। ये रूट ऐसे हैं, जिनकी यात्रा एक यो दो दिन में नहीं, बल्कि 3 से 4 दिन में पूरी होती है। तो, आइए, आपको भारत के ऐसे ही 5 सबसे लंबे ट्रेन रूट के बारे में बताते हैं।
डिब्रूगढ़ से कन्याकुमारी
भारतीय रेलवे की विवेक एक्सप्रेस को सबसे लंबी दूरी वाली ट्रेन के तौर पर जाना जाता है। यह ट्रेन के असम के डिब्रूगढ़ से चलती है और दक्षिण भारत के कन्याकुमारी तक जाती है। इस दौरान यह ट्रेन 4,218 किलोमीटर की यात्रा पूरी करती है। ऐसे में इस रूट पर ट्रेन को 74 से 79 घंटे का समय लग जाता है। अपनी पूरी यात्रा के दौरान यह ट्रेन कुल 8 राज्यों से गुजरती है।
तिरुवनंतपुरम से सिलचर
अरोनइ एक्सप्रेस तिरुवनंतपुरम से सिलचर तक चलती है। यह ट्रेन कुल 3,917 किलोमीटर की यात्रा पूरी करती है और इस दौरान यह ट्रेन 70 घंटे तक का समय ले लेती है।
कन्याकुमारी से श्री माता वैष्णो देवी, कटड़ा
हिमसागर एक्सप्रेस भारत के उत्तरी हिस्से को दक्षिण भारत से जोड़ती है। इस दौरान यह ट्रेन कुल 3,782 किलोमीटर की यात्रा पूरी करती है और पूरी यात्रा 67 से 68 घंटे का समय पूरी लेती है। अपनी पूरी यात्रा के दौरान यह ट्रेन कुल 12 राज्यों से होकर गुजरती है।
मंगलुरु सेंट्रल से श्री माता वैष्णो देवी, कटड़ा
नवयुग एक्सप्रेस को कर्नाटक के तटीय शहर को जम्मू-कश्मीर से जोड़ने के लिए जाना जाता है। यह ट्रेन मंगलुरू से चलकर कटड़ा स्थित श्री माता वैष्णा देवी तक जाती है। इस दौरान ट्रेन 3,674 किलोमीटर की यात्रा पूरी करती है। यात्रा के दौरान यात्री 68 से 70 घंटे का समय ट्रेन में ही बिताते हैं।
अगरतला से बंगलुरु कैंट
हमसफर एक्सप्रेस अगरतला से बंगलुरू तक चलती है। ऐसे में यह पूर्वोत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ती है। इस दौरान यह ट्रेन 3,537 किलोमीटर की यात्रा पूरी करती है। यात्रा के दौरान यात्री 65 से 66 घंटे ट्रेन में ही बिताते हैं।
पढ़ेंः भारत की इकलौती जनगणना, जब बढ़ने के बजाय घट गई थी आबादी
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.