उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व दिग्गज भाजपा नेता कल्याण सिंह का निधन 21 अगस्त 2021 को हो गया. वे 89 वर्ष के थे. वे लंबे समय से बीमार थे और लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी और दूसरे दलों के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जाहिर किया है.
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक और 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश का घोषणा किया है. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्थिति काफी समय से नाजुक बनी हुई थी और उनको जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था. वे कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मैं शब्दों से परे दुखी हूं. कल्याण सिंह जी...राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान. उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है. उनके पुत्र श्री राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्त की. ओम शांति.''
दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं। कल्याण सिंह जी जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान अमिट है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति! pic.twitter.com/Z3fq49n1yE
— Narendra Modi (@narendramodi) August 21, 2021
राममंदिर आंदोलन को अलग पहचान दी
90 के दशक में भाजपा के राममंदिर आंदोलन को कल्याण सिंह ने ही अलग पहचान दी. अयोध्या में विवादित ढांचा गिरने की जिम्मेदारी ली और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
कल्याण सिंह के बारे में
कल्याण सिंह का जन्म 05 जनवरी 1932 को अलीगढ़ में अतरौली तहसील के मढ़ौली ग्राम के एक सामान्य किसान परिवार में हुआ था. बचपन में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए.
कल्याण सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में कड़ी मेहनत कर अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद अध्यापक की नौकरी की.
कल्याण सिंह साल 1967 में अपना पहला विधानसभा चुनाव अतरौली से जीतकर उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे. कल्याण सिंह 1967 से लगातार 1980 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे.
कल्याण सिंह 2 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और कई बार अतरौली के विधानसभा सदस्य के रूप में चुने गए. साथ ही साथ वे उत्तर प्रदेश में लोक सभा सांसद और राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे.
कल्याण सिंह वर्ष 1991 में पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और दूसरी बार 1997 में मुख्यमंत्री बने थे.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation