Thailand Cambodia War Hindi: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच विवादित सीमा क्षेत्र में एक बार फिर से झड़पें शुरू हो गई हैं। इस संघर्ष में अब तक सैनिकों के हताहत होने, कूटनीतिक वार्ता के टूटने और सैन्य कार्रवाई तेज होने की खबरें हैं। दोनों देशों के बीच यह विवाद प्राचीन मंदिरों के आसपास के क्षेत्र को लेकर है, जिस पर दोनों दावा करते हैं।
थाईलैंड ने गुरुवार को कंबोडिया के इस प्रयास को उकसाने वाला कदम करार देते हुए उसकी कड़ी निंदा की है। एजेंस फ्रांस-प्रेस (AFP) की रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड ने आरोप लगाया है कि सीमा विवाद को लेकर हुए संघर्ष में कंबोडिया ने आवासीय इलाकों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाया है।
सरकारी प्रवक्ता जिरायु होंगसुब ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि कंबोडिया द्वारा किए गए इस तोपखाना हमले की कड़ी निंदा की जाए, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं।
दोनों देशों में राजनयिक संबंध घटा
तनाव उस वक्त और बढ़ गया जब एक विस्फोट में पांच थाई सैनिक घायल हो गए। इसके बाद थाईलैंड ने कंबोडियाई राजदूत को देश से निकाल दिया और उत्तर-पूर्वी सीमा के सभी बॉर्डर क्रॉसिंग बंद कर दिए। जवाब में कंबोडिया ने भी राजनयिक संबंध घटा दिए और बैंकॉक स्थित अपना दूतावास खाली कर लिया।
क्यों बनी युद्ध की स्थिति:
हाल ही में मई में एक कंबोडियाई सैनिक की मौत के बाद तनाव फिर से चरम पर पहुंच गया। पिछले दो महीनों में दोनों देशों ने एक-दूसरे पर व्यापारिक पाबंदियां भी लगा दी हैं। कंबोडिया ने थाईलैंड से फल-सब्जियां, बिजली और इंटरनेट सेवा लेना बंद कर दिया है। सीमा पर सैनिकों की संख्या भी तेजी से बढ़ाई गई है।
थाई-कंबोडियाई सीमा विवाद का इतिहास
दोनों देशों के बीच यह विवाद करीब सौ साल पुराना है। फ्रांसीसी कब्जे के बाद खींची गई सीमाओं को लेकर यह झगड़ा शुरू हुआ था। 2008 में यह विवाद तब उग्र हो गया जब कंबोडिया ने विवादित क्षेत्र में 11वीं सदी के एक मंदिर को यूनेस्को विश्व धरोहर घोषित कराने की कोशिश की। तब से कई बार ऐसी झड़पें हो चुकी हैं, जिनमें सैनिक और आम नागरिक दोनों मारे गए।
थाईलैंड ने सीमा बंद की, नागरिकों से देश छोड़ने की अपील
तनाव बढ़ने के बाद थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ सभी सीमा चौकियों को बंद कर दिया है और अपने नागरिकों से कंबोडिया छोड़ने की अपील की है। प्नोम पेन्ह स्थित थाई दूतावास ने भी अलर्ट जारी कर कहा कि अनावश्यक रूप से कंबोडिया में न रहें। थाई सीमा के गांवों से आए लाइवस्ट्रीम वीडियो में लोग बंकरों में भागते नजर आ रहे हैं, जबकि इलाके में धमाकों की आवाजें सुनी जा रही हैं।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation