उत्तर प्रदेश के किस जिले को कहा जाता है ‘Water Capital’, जानें यहां
उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं, जिसमें से एक जिले को पानी की राजधानी भी कहा जाता है। इसकी प्रमुख वजह यहां मौजूद बड़ी संख्या में बांध हैं।
उत्तर प्रदेश देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह देश के कुल 7.33 फीसदी हिस्से पर है। प्रदेश में अलग-अलग जिलों में बांध बने हुए हैं। हालांकि, यूपी का ललितपुर जिला इकलौता जिला है, जहां सबसे अधिक बांध बने हुए हैं। इस जिले को यूपी की पानी की राजधानी भी कहा जाता है। ललितपुर में कितने हैं बांध है और क्या है यहां का भूगोल जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
उत्तर प्रदेश का परिचय
उत्तर प्रदेश राज्य का पुनर्गठन 24 जनवरी, 1950 को किया गया था। राज्य में कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। ये सभी मंडल कुल चार संभागों में आते हैं, जिनमें पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और बुंदेलखंड शामिल है। राज्य में कुल 28 विकास प्राधिकरण, 75 नगर पंचायत और 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण मौजूद हैं।
ललितपुर में कुल कितने बांध हैं
अब हम यह जान लेते हैं कि ललितपुर जिले में कुल कितने बांध हैं? दरअसल, यहां कुल 14 बांध हैं, जो कि राज्य के किसी भी जिले की तुलना में सबसे अधिक हैं। ये बांध छोटी-बड़ी 16 नदियों के जल को नियंत्रित करते हैं। यही वजह है कि इन बांधों को बुंदेलखंड की जीवनरेखा भी कहा जाता है।
सूखे क्षेत्र में सिंचाई का आधार बनते हैं बांध
बुंदेलखंड जैसा क्षेत्र पानी की कमी के लिए जाना जाता है। ऐसे में यहां बने ये 14 बांध क्षेत्र में सिंचाई का आधार बनते हैं। बांधों से पानी को नियंत्रित किया जाता है, जिसे बाद में कृषि कार्यों में उपयोग किया जाता है।
ये दोनों बांध हैं लोकप्रिय
ललितपुर जिले में राजघाट और माताटीला बांध अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाने जाते हैं। इन बांधों के आसपास के क्षेत्र को भी विकसित किया गया है, जिससे ये पिकनिक स्पॉट बन गए हैं। यही वजह है कि इन बांधों को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
खनिजों के लिए जाना जाता है ललितपुर
यूपी का ललितपुर जिला अपने यहां पाए जाने वाले खनिजों के लिए जाना जाता है। यहां तांबा, डोलोमाइट और यूरेनियम समेत अन्य खनिज पाए जाते हैं। यही वजह है कि कुछ लोग इसे खनिजों का शहर भी कहा जाता है।
पढ़ेंः भारत में सबसे पहले किस राज्य का बदला था नाम, जानें यहां
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.