हरियाणा भारत के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित एक प्रमुख राज्य है। साथ ही यह समूचे उत्तर भारत में प्रमुख राज्यों में शामिल है, जिसे देश के आर्थिक, सांस्कृतिक, और ऐतिहासिक विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। हरियाणा कृषि, उद्योग, और खेल में अपनी विशेष पहचान रखता है।
साथ ही, राज्य को हम 'भारत का खाद्य भंडार' के रूप में भी जानते हैं। यहां के लोग शौर्य और खेल प्रेम के लिए प्रसिद्ध हैं। आपने अभी तक गुलाबी नगरी का जिक्र राजस्थान में सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि हरियाणा में भी एक जिले को हम गुलाबी नगरी के रूप में जानते हैं। कौन-सा है यह जिला, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
हरियाणा के कुल जिले
हरियाणा के कुल जिलों की बात करें, तो यहां कुल 22 जिले हैं, जो कि 6 मंडलों का हिस्सा हैं। इन छह मंडलों में कुल 73 उपमंडल और 93 तहसील मौजूद हैं। साथ ही, यहां 10 नगर निगम, 46 नगर पालिका और 21 नगर परिषद् मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त यहां 6234 ग्राम पंचायत और 126 पंचायत समिति मौजूद हैं।
हरियाणा का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
हरियाणा के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह सिरसा जिला है। वहीं, सबसे छोटा जिला फरीदाबाद है।
हरियाणा के चार दिशाओं के चार जिले
हरियाणा का सबसे पूर्वी जिला यमुनानगर, सबसे पश्चिमी जिला सिरसा है। वहीं, सबसे उत्तरी जिला पंचकूला और सबसे दक्षिणी जिला नूंंह है।
हरियाणा की साक्षरता दर
हरियाणा की साक्षरता दर की बात करें, तो साल 2011 में यह 75.55 फीसदी दर्ज की गई थी। इसमें 84 फीसदी से अधिक पुरुष और 65 फीसदी से अधिक महिलाएं साक्षर हैं। राज्य का सर्वाधिक साक्षर जिला गुरुग्राम और न्यूनतम साक्षर जिला नूंह है।
कौन-सा जिला है गुलाबी नगरी
अब सवाल है कि आखिर हरियाणा का कौन-सा जिला गुलाबी नगरी के रूप में जाना जाता है, तो आपको बता दें कि यह फतेहाबाद जिला है। इस जिले को हम पिंक सिटी के रूप में भी जानते हैं।
क्यों कहा जाता है गुलाबी नगरी
अब सवाल है कि क्या वजह है, जिससे इस जिले को गुलाबी नगरी कहा जाता है ? आपको बता दें कि यहां के डीसी रहे जगवंत अलावत द्वारा यहां की सरकारी इमारतों, नगर पालिका परिषद् की इमारतों, पार्कों की दीवार और अन्य स्थलों को गुलाबी रंग से रंगवाया गया था। इसका प्रमुख उद्देश्य शहर के सौंदर्यीकरण करना था।
शहर में प्रवेश करते ही गुलाबी रंग की इमारतों को देखकर हर व्यक्ति हैरान हो जाता था। ऐसे में इस शहर को गुलाबी नगरी कहा जाने लगा। इस शहर का नाम फिरोजशाह तुगलक के बेटे फतेह खान के नाम पर रखा गया है।
पढ़ेंः हरियाणा की सबसे छोटी विधानसभा कौन-सी है, जानें
पढ़ेंः उत्तर प्रदेश के किस जिले को कहा जाता है मेले का शहर, जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation