अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या को लेकर पुलिसिया बर्बरता और नस्लवाद के खिलाफ चल रहे विरोध के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को गुप्त सेवा अधिकारियों ने बंकर में भेज दिया था। अमेरिका में इस बंकर को PEOC के रूप में जाना जाता है।
कई रिपोर्टों के अनुसार, व्हाइट हाउस के पास चल रहे प्रदर्शनों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति को एक घंटे के लिए बंकर में भेज दिया गया। हालांकि, फॉक्स न्यूज रेडियो के साथ एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति ट्रम्प ने खबर के गलत होने का दावा किया और कहा कि वह केवल कुछ समय के लिए सुरक्षित क्षेत्र में गए थे। उन्होंने आगे कहा कि वह केवल जांच के उद्देश्य से बंकर में गए थे। इसके साथ उन्होंने कहा कि वह दिन में नीचे गए थे और विरोध प्रदर्शनों के दौरान वो बंकर में नहीं थे।
PEOC क्या है?
प्रेसिडेंशियल इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (PEOC) व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग के नीचे एक बंकर है, जो आपातकाल के समय अमेरिकी राष्ट्रपति और अन्य अधिकारियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाया गया है।
PEOC का इतिहास
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान, वाशिंगटन पर हवाई हमले की स्थिति में तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट की रक्षा के लिए पहले व्हाइट हाउस बंकर का निर्माण किया गया था।
9/11 के हमलों के दौरान, उपराष्ट्रपति डिक चेनी, लिन चेनी, कोंडोलेज़ा राइस, नॉर्मन मिनता, मैरी मैटलिन, लुईस स्कूटर लिब्बी, जोशुआ बोल्टन, करेन ह्यूजेस, स्टीफन हेडली, डेविड हटन, सीक्रेट सर्विस एजेंट, अमेरिकी सेना प्रमुख और अन्य लोगों को व्हाइट हाउस से निकाल कर PEOC में स्थानांतरित कर दिया गया था। इस हमले के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति बुश फ्लोरिडा में थे। 9/11 का हमला मानव इतिहास में सबसे घातक आतंकवादी हमला था, जिसे आतंकवादी समूह अल-कायदा ने अंजाम दिया था।
PEOC की संरचना
तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के नेतृत्व में, व्हाइट हाउस में रीलोकेटिंग यूटिलिटीज नाम से गुप्त निर्माण कार्य किया गया था। इसका निर्माण अमेरिकी नेतृत्व को स्थानांतरित करने और आपातकाल की स्थिति में आश्रय प्रदान करने के लिए किया गया था।
PEOC को इस तरह से बनाया गया है कि व्हाइट हाउस पर परमाणु, जैविक और रेडियोलॉजिकल हमलों का उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ये पांच मंजिला गहरा है और इसमें भोजन, पानी, आत्म-निहित वायु आपूर्ति आदि से लेकर सभी सुविधाएं हैं, जो महीनों तक चल सकती हैं।
सेफ हाउस के अलावा व्हाइट हाउस में कई सुरंगें हैं- एक ईस्ट विंग के बेसमेंट से ट्रेजरी बेसमेंट तक, दूसरी सुरंग पेंसिल्वेनिया एवेन्यू के नीचे से सड़क के पार एक इमारत तक और तीसरी सुरंग ओवल ऑफिस से दक्षिण लॉन के नीचे है, जो राष्ट्रपति को सीधे हेलीकॉप्टर तक पहुंचाएगी।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार व्हाइट हाउस के बाहर झड़पों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को बंकर में ले जाया गया था। इसके अलावा, व्हाइट हाउस के बाहर की लाइटें बंद कर दी गईं, जिससे संकेत मिला कि राष्ट्रपति को बंकर ले जाया गया था। हालांकि, राष्ट्रपति द्वारा इन रिपोर्टों का खंडन किया गया है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation