क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 जारी कर दी गयी है. इस रैंकिंग के अनुसार, मैसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सिटी है.
इस लिस्ट में मैसाचुसेट्स के बाद कैंब्रिज यूनिवर्सिटी, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने अपना स्थान बनाया है. टॉप 10 में भारत का कोई भी विश्वविद्यालय शामिल नहीं है. टॉप 10 में इंपीरियल कॉलेज लंदन, ईटीएच ज़्यूरिख जैसे विश्वविद्यालय शामिल है.
आईआईटी बॉम्बे को मिला 149वां स्थान:
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारत के विश्वविद्यालयों या शिक्षण संस्थानों की बात करें तो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे टॉप 150 में शामिल है. आईआईटी बॉम्बे इस रैंकिंग में 149वां स्थान हासिल किया है. जो किसी भी भारतीय संस्थान का सबसे बेहतर प्रदर्शन है. यह पहला मौका है जब भारत का कोई इंस्टिट्यूट टॉप 150 में स्थान बनाने में कामयाब हुआ है. पिछले साल आईआईटी बॉम्बे 172वें स्थान पर था.
क्यूएस रैंकिंग 2024 में शामिल टॉप इंस्टिट्यूट:
क्वाक्वेरेली साइमंड्स (क्यूएस) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 में मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी टॉप पर है. यह इंस्टिट्यूट पिछले साल भी टॉप पर रहा था. मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय टॉप 3 में शामिल है.
दुनिया के टॉप 10 विश्वविद्यालय:
विश्वविद्यालय | देश | रैंक (2024) | रैंक (2023) |
मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी | USA | 1 | 1 |
कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय | UK | 2 | 2 |
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय | UK | 3 | 4 |
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी | USA | 4 | 5 |
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी | USA | 5 | 3 |
इंपीरियल कॉलेज लंदन | UK | 6 | 6 |
ईटीएच ज्यूरिख | स्विट्जरलैंड | 7 | 9 |
नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापुर | सिंगापुर | 8 | 11 |
यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन | UK | 9 | 8 |
कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय | USA | 10 | 27 |
कैसा रहा भारतीय सस्थानों का प्रदर्शन:
आईआईटी बॉम्बे इस रैंकिंग में 149वां स्थान हासिल कर टॉप 150 में शामिल होने वाला पहला भारतीय संस्थान है. आठ वर्षों में यह पहली बार है कि किसी भारतीय इंस्टिट्यूट ने टॉप 150 में जगह बनायीं है.
आईआईटी बॉम्बे ने रैंकिंग में 23 स्थानो की छलांग लगाकर 149वीं रैंक हासिल की है. हालाँकि, इस रैंकिंग में महत्वपूर्ण उतार-चढ़ाव भी देखा गया है, आईआईएससी 70 स्थान नीचे गिरकर 155वें रैंक से 225वें स्थान पर आ गया है.
इसी तरह, आईआईटी दिल्ली 174 से गिरकर 197, आईआईटी कानपुर 264 से 278 और आईआईटी मद्रास 250 से 285 पर आ गया.
पिछले संस्करण की तुलना में इस बार टॉप 200 में भारत का एक संस्थान कम है. टॉप 500 की बात करें तो दिल्ली विश्वविद्यालय (407) और अन्ना विश्वविद्यालय (427) शामिल है.
भारत के टॉप 10 विश्वविद्यालय:
राष्ट्रीय रैंक | संस्थान का नाम | रैंक (2024) | रैंक (2023) |
1 | आईआईटी, बॉम्बे | 149 | 172 |
2 | आईआईटी, दिल्ली | 197 | 174 |
3 | इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस | 225 | 155 |
4 | आईआईटी, खड़गपुर | 271 | 270 |
5 | आईआईटी कानपुर | 278 | 264 |
6 | आईआईटी, मद्रास | 285 | 250 |
7 | आईआईटी, गुवाहाटी | 364 | 384 |
8 | आईआईटी, रूड़की | 369 | 369 |
9 | दिल्ली विश्वविद्यालय | 407 | 521-530 |
10 | अन्ना विश्वविद्यालय | 427 | 551-561 |
रैंकिंग में 1,500 संस्थान शामिल:
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के 20वें संस्करण में 104 स्थानों के 1,500 संस्थान शामिल हैं. इस रैंकिंग को रोजगार और स्थिरता को आधार बनाकर तैयार किया गया है.
इस वर्ष, तीन नए मेट्रिक्स को रैंकिंग में शामिल किया गया है, जिसमें स्थिरता, रोजगार परिणाम और अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान नेटवर्क शामिल है. मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पिछले 12 साल से टॉप पर है. ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की रैंकिंग में सुधार हुआ है.
इसे भी पढ़ें:
आईसीसी ने बताए वनडे विश्व कप 2023 के 5 प्रमुख मैच, जिस पर होंगी सबकी नजरें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation