विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद और मशहूर चित्रकार राम कुमार को दिल्ली सरकार ने वर्ष 2010 के लिए जीवनकालीन उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया. पुरस्कार स्वरूप दोनों हस्तियों को 11-11 लाख रुपये का चेक और प्रशस्तिपत्र 22 दिसंबर 2010 को प्रदान किया गया.
दिल्ली सरकार की साहित्य कला परिषद ने 2004 में जीवनकालीन उपलब्धि पुरस्कार की शुरुआत की थी, जो नृत्य, संगीत, रंगमंच, कला, खेल और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है.
महत्वपूर्ण तथ्य: विश्वनाथन आनंद वर्ष 1998 में कोयंबटूर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता जीतकर भारत के पहले ग्रैंड मास्टर बने थे. वे वर्ष 2000 में फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय हैं. विश्वनाथन को 1985 में अर्जुन पुरस्कार, 1987 में पद्मश्री, राष्ट्रीय नागरिक पुरस्कार और सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार, 1991-92 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, 2000 में पद्म भूषण, 1997, 1998, 2003, 2004, 2007 और 2008 में शतरंज ऑस्कर, 1998 में स्पोर्ट्स स्टार मिलेनियम अवार्ड और 2007 में पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है.
राम कुमार की पेंटिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है. उन्होंने टोकियो में 1957 और 1970 में तथा वेनिस में 1959 में अपनी एकल प्रदर्शनी लगाई थी. भारत सरकार ने उन्हें 1972 में पद्मश्री प्रदान किया था.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation