एशिया का सबसे लंबा फ्लाईओवर, भारत के इस राज्य में है मौजूद
आपने एशिया के अलग-अलग फ्लाईओवर के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि एशिया का सबसे लंबा फ्लाईओवर कौन-सा है, यदि नहीं,तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
फ्लाईओवर को जाम से निजात दिलाने का सबसे बेहतर माध्यम माना जाता है। आपने भारत के अलग-अलग फ्लाईओवर के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि एशिया का सबसे बड़ा फ्लाईओवर भी भारत में ही मौजूद है। यह फ्लाईओवर कामठी रोड फ्लाईओवर (Kamthi Road Flyover) है, जिसने भारतीय इंजीनियरिंग का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। यह एक डबल-डेकर फ्लाईओवर है, जिसपर मेट्रों के साथ-साथ सड़क यातायात भी चलता है। यह फ्लाईओवर शहर के एक हिस्से को दूसरे हिस्से से जोड़ता है, जिससे यह एक लंबी दूरी तय करता है।
किस राज्य में है एशिया का सबसे लंबा फ्लाईओवर
एशिया का सबसे लंबा फ्लाईओवर भारत के महाराष्ट्र राज्य के नागपुर शहर में स्थित है।
कितनी है फ्लाईओवर की लंबाई
फ्लाईओवर की कुल लंबाई की बात करें, तो यह 9.12 किलोमीटर लंबा है। यह नागपुर के गड्डीगोदाम से कन्हान की तरफ जाता है।
फ्लाईओवर की है डबल डेकर संरचना
यह फ्लाईओवर अपनी डबल डेकर विशेषता के लिए जाना जाता है। इसके निचले स्तर पर सड़क है, तो दूसरे स्तर पर वाहनों के लिए मार्ग बना हुआ है। वहीं, सबसे ऊपरी स्तर पर मेट्रो ट्रैक हैं, जिसपर नागपुर मेट्रो चलती है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम
नागपुर के इस खंड को (वर्धा रोड और कामठी रोड के हिस्सों को मिलाकर) एशिया और दुनिया के सबसे लंबे "डबल डेकर वायाडक्ट" के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है। ऐसे में भारत का यह फ्लाईओवर अपनी विशेषता के लिए विश्व विख्यात हो गया है।
गेम चेंजर हुआ साबित
नागपुर का यह फ्लाईओवर नागपुर और कामठी के बीच लगने वाले यातायात जाम को कम करने में गेम चेंजर साबित हुआ है। इससे जहां, एक तरफ यातायात जाम कम हुआ है, तो दूसरी तरफ यात्रा समय भी कम हुआ है।
किसने किया है निर्माण
कामठी रोड फ्लाईओवर का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(NHAI) और महामेट्रो ने मिलकर किया है। दोनों निकायों के संयुक्त प्रयास से शहर में सबसे लंबा फ्लाईओवर बनकर तैयार हुआ है। फ्लाईओवर का निर्माण 500 करोड़ रुपये से अधिक राशि में हुआ है, जबकि इसे बनने में कुल 5 वर्ष का समय लगा है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.