NEET UG Reforms: 2027 में बदल जाएगा नीट यूजी का ढांचा, 12वीं के नंबरों को वेटेज, साल में दो बार परीक्षा?
केंद्र सरकार ने NEET-UG परीक्षा में सुधार के लिए नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। यह समिति 12वीं के अंकों को वेटेज देने, साल में 2 बार परीक्षा आयोजित करने और हर जिले में स्थायी केंद्र बनाने जैसे बदलावों पर विचार कर रही है, जिसकी रिपोर्ट जनवरी 2027 तक आएगी।
नीट यूजी (NEET-UG) देश की सबसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। जिसमें आने वाले समय में कई बड़े बदलाव हो सकते हैं। परीक्षा को पारदर्शी और छात्रों के लिए आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने एक हाई पावर टास्क फोर्स बनाई है। इस 6 सदस्यीय कमेटी की अध्यक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों ने इस कमेटी को परीक्षा में सुधार के लिए कई सुझाव दिए हैं।
12वीं के नंबरों को मिल सकता है वेटेज
कई राज्यों ने सुझाव दिया है कि मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए NEET UG के अंकों के साथ कक्षा 12वीं के नंबरों को भी वेटेज दिया जाए। राज्यों का कहना है कि अभी एडमिशन केवल नीट के अंकों पर आधारित है। इससे छात्र स्कूल की पढ़ाई के बजाय कोचिंग पर ज्यादा ध्यान देते हैं। कई जगहों पर डमी स्कूलों का चलन भी बढ़ रहा है। अगर 12वीं के नंबरों को महत्व दिया जाता है, तो विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा और स्कूली पढ़ाई पर भी ध्यान देंगे।
साल में दो बार हो सकती है परीक्षा
फिलहाल NEET UG परीक्षा साल में एक बार होती है। ऐसी स्थिति में, जब परीक्षा एक ही दिन आयोजित की जाती हैं, तो छात्रों पर अच्छे अंक लाने का दबाव होता है। अगर किसी कारण से परीक्षा खराब हो जाए, तो अगले साल का इंतजार करना पड़ता है। इसलिए राज्यों ने साल में 2 बार परीक्षा कराने का सुझाव दिया है। इससे छात्रों को दूसरा मौका मिलेगा और मानसिक दबाव भी कम हो सकता है। हालांकि, दोनों परीक्षाओं के अंकों से मेरिट लिस्ट कैसे बनेगी, यह अभी तय नहीं है।
हर जिले में बन सकते हैं परीक्षा केंद्र
कई राज्यों ने हर जिले में कम से कम एक स्थायी परीक्षा केंद्र (Permanent Examination Centre) बनाने की मांग की है। इससे दूर-दराज के विद्यार्थियों को दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इन केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (Computer-Based Examination) के साथ मॉक टेस्ट और कोर्स रिवीजन की सुविधा भी दी जा सकती है।
CBT और पेन-पेपर दोनों विकल्पों पर चर्चा
NEET UG को कंप्यूटर आधारित यानी CBT मोड में कराने का सुझाव भी दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तमिलनाडु को छोड़कर दक्षिण भारत के अन्य राज्यों ने इसका समर्थन किया है। शुरुआत में छात्रों को कंप्यूटर और पेन-पेपर दोनों विकल्प देने की बात कही गई है, ताकि वे नई व्यवस्था के अनुसार तैयारी कर सकें।
तमिलनाडु ने जताई आपत्ति
तमिलनाडु ने NEET परीक्षा पर अपनी चिंता जताई है। राज्य का कहना है कि नीट (NEET) लागू होने से मेडिकल कॉलेजों में स्टेट बोर्ड के छात्रों की भागीदारी पर असर पड़ा है। राज्य के अनुसार, CBSE और ICSE बोर्ड के छात्रों को मौजूदा व्यवस्था में ज्यादा फायदा मिलता है।
जनवरी 2027 तक आ सकती है रिपोर्ट
नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता वाली कमेटी अलग-अलग राज्यों से बातचीत कर रही है। दक्षिण भारत के राज्यों के अलावा जम्मू-कश्मीर और ओडिशा के प्रतिनिधियों से भी चर्चा हो चुकी है। अब उत्तर भारत के राज्यों से बातचीत की जानी है। कमेटी को पहले अक्टूबर 2026 तक रिपोर्ट देनी थी, लेकिन अब समयसीमा बढ़ाकर जनवरी 2027 कर दी गई है।
अभी ये सारी बातें सिर्फ सोच-विचार के रूप में चल रही हैं। जब कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंप देगी, तब केंद्र सरकार इस पर अंतिम फैसला लेगी। अगर इन सुझावों को हरी झंडी मिल जाती है, तो नीट (NEET UG) परीक्षा के नियमों और तरीकों में बहुत बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Vijay Pratap Singh is an Education and Career Journalist with over 4 years of experience in covering Government Jobs, Sarkari Naukri, Competitive Exams, Recruitment Notifications, Exam Results, Admissions, and Education News. He currently works with Jagran Josh, where he writes extensively on SSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, Railway, Banking, Defence, and other government recruitment examinations.
He holds a Master's degree in Journalism and Mass Communication (MJMC) from Jaipur National University, Jaipur. His expertise includes government job recruitment, exam notifications, eligibility criteria, application processes, admit cards, answer keys, results, career guidance, courses, and employability skills. Through accurate, well-researched, and timely content, he helps students, job seekers, and competitive exam aspirants stay informed and make better academic and career decisions.