बॉलीवुड फिल्म निर्माता यश राज चोपड़ा का मुंबई के लीलावती अस्पताल में 21 अक्टूबर 2012 को निधन हो गया. वह 80 वर्ष के थे. उन्हें डेंगू से पीड़ित होने के चलते हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.
यश राज चोपड़ा ने अपने 50 साल के फिल्मी करियर में 53 फिल्में बनाईं, जिनमें से 22 फिल्मों का उन्होंने खुद निर्देशन किया. वर्ष 1959 में धूल का फूल बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म थी और जब तक है जान उनकी आखिरी फिल्म है जो 13 नवंबर 2012 को दीवाली के दिन रिलीज हो रही है.
वर्ष 1973 में यश राज चोपड़ा ने यशराज फिल्म्स के नाम से प्रोडक्शन हाउस खोला. यश राज चोपड़ा का जन्म 27 सितंबर 1932 को लाहौर में हुआ था. विभाजन के बाद उनका परिवार पंजाब के जालंधर में बस गया.
यश राज चोपड़ा को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर (Legion of Honour), वर्ष 2005 में पद्म भूषण, वर्ष 1998 और वर्ष 2011 में बीबीसी एशिया सम्मान, वर्ष 2001 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार सहित कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया.
यश राज चोपड़ा की कुछ प्रसिद्ध फिल्में निम्नलिखित है:
वर्ष 2012 में जब तक है जान (रिलीज होने वाली है), वर्ष 2007 में लागा चुनरी में दाग, वर्ष 2004 में वीर-ज़ारा, वर्ष 1997 में दिल तो पागल है, वर्ष 1993 में डर, वर्ष 1992 में परंपरा, वर्ष 1991 में लम्हे, वर्ष 1989 में चांदनी, वर्ष 1988 में विजय, वर्ष 1981 में सिलसिला, वर्ष 1975 में दीवार, वर्ष 1973 में जोशीला, वर्ष 1965 में वक्त, वर्ष 1961 में धर्मपुत्र और वर्ष 1959 में धूल का फूल.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation