भारत का अनोखा बाजार, जहां सिर्फ महिलाएं हैं दुकानदार
भारत में आपने अलग-अलग बाजारों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। इस कड़ी में यहां एक बाजार ऐसा भी है, जहां सिर्फ महिलाएं ही दुकानदारी करती हैं। क्या आप इस बाजार के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत में हमें अलग-अलग बाजार देखने को मिलते हैं, जो कि अपनी अलग-अलग विशेषताओं के लिए जाने जाते हैं। इस कड़ी में यहां एक ऐसा बाजार भी है, जहां सिर्फ महिलाएं ही दुकानदारी करती हुई नजर आ जाएंगी। यह न सिर्फ अनोखा बाजार है, बल्कि एक ऐतिहासिक बाजार भी है, जिसका इतिहास 500 साल पुराना है। कौन-सा है यह बाजार, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
कौन-सा है महिला दुकानदारों का बाजार
मणिपुर की राजधानी इम्फाल के बीचों-बीच स्थित 'इमा कीथेल' भारत का एक अनोखा और ऐतिहासिक बाजार है, जहां केवल और केवल महिलाएं ही दुकानदारी करती हैं। मणिपुरी भाषा में 'इमा' का अर्थ 'मां' और 'कीथेल' का अर्थ 'बाजार' होता है, इसलिए इसे "मदर्स मार्केट" या "नुपी कीथेल" भी कहा जाता है। लगभग 500 साल पुराना यह बाजार न केवल भारत का, बल्कि पूरे एशिया का सबसे बड़ा पूरी तरह महिला-संचालित बाजार है।
बाजार का स्ट्रक्चर और नियम
-इस ऐतिहासिक बाजार की सबसे अनोखी परंपरा यह है कि यहां कोई भी पुरुष दुकानदार के रूप में नहीं बैठ सकता। पुरुष केवल ग्राहक या कुली के रूप में ही बाजार में आ सकते हैं।
-इस बाजार में केवल विवाहित महिलाओं को ही दुकान लगाने का लाइसेंस और स्थान दिया जाता है। यह प्रथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और परिवार के भरण-पोषण की उनकी जिम्मेदारी को सम्मान देने के लिए बनाई गई थी।
-यहां लगभग 4,000 से 5,000 महिला दुकानदार एक साथ बैठकर व्यापार करती हैं। दुकान का मालिकाना हक और स्थान किसी परिवार की सास से बहू या मां से बेटी को विरासत में मिलता है।
क्या है बाजार का इतिहास
इमा कीथेल की शुरुआत लगभग 1533 ईस्वी में हुई थी। उस समय मणिपुर में 'लाल्लुप-काबा' नामक एक अनिवार्य श्रम एवं सैन्य व्यवस्था लागू थी। इस प्रथा के तहत राज्य के सभी पुरुषों को खेती करने या दूर-दराज के युद्धों में लड़ने के लिए राजा की सेना में जाना पड़ता था। पुरुषों की लंबी अनुपस्थिति में घर चलाने, खेतों की उपज बेचने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को संभालने की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने अपने कंधों पर ले ली, जिससे इस अनूठे महिला बाजार का जन्म हुआ।
बाजार में क्या-क्या मिलता है
यह बाजार मुख्य रूप से तीन बड़े परिसरों में बंटा हुआ है। यहां ताजी सब्जियां, स्थानीय फल, मछलियां, मसाले, बांस और बेंत के हस्तशिल्प और विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक मणिपुरी कपड़े जैसे 'फनेक' और 'इनाफी' बेचे जाते हैं। यह बाजार केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक चर्चाओं का भी मंच रहा है। ब्रिटिश शासन के दौरान 1904 और 1939 में हुए ऐतिहासिक महिला आंदोलनों की रणनीति भी इसी बाजार की महिलाओं ने तैयार की थी।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.