अफ्रीकी देश गाम्बिया की सरकार ने राष्ट्रमंडल (कॉमनवेल्थ) सदस्यता छोड़ने का निर्णय 2 अक्टूबर 2013 को लिया. गाम्बिया 48 वर्ष पहले 1965 में इस अंतरराष्ट्रीय संगठन का सदस्य बना था.
देश के सरकारी टीवी पर जारी बयान में कहा गया है कि गाम्बिया की सरकार ने ब्रिटिश राष्ट्रमंडल की सदस्यता छोड़ने और किसी भी नव औपनिवेशिक संस्था का सदस्य नहीं बनने का निर्णय लिया है और वह औपनिवेशवाद को बनाए रखने वाली किसी भी संस्था में एक दल के तौर पर शामिल नहीं होगी.
गाम्बिया
गाम्बिया पश्चिमी अफ्रीका में स्थित एक देश है. गाम्बिया अफ्रीकी मुख्य भूमि पर स्थित सबसे छोटा देश है, इसकी उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी सीमा सेनेगल से मिलती है, पश्चिम में आंध्र महासागर से लगा छोटा सा तटीय क्षेत्र है. गाम्बिया की राजधानी बांजुल है लेकिन इस देश का सबसे बड़ा महानगर सेरीकुंदा है. इसकी मुद्रा डालासी है.
गाम्बिया में देश का राष्ट्रपति, राष्ट्रप्रमुख और सरकार प्रमुख दोनों होता है. राष्ट्रपति का चुनाव लोकप्रिय मत द्वारा पाँच वर्षीय अवधि के लिए किया जाता है (कार्यकाल की कोई सीमा नहीं है). अंतिम चुनाव 22 सितंबर 2006 को आयोजित किए गए थे.
इस देश का नाम गाम्बिया नदी पर रखा गया. नदी देश के मध्य से होते हुए आंध्र महासागर में जाकर मिल जाती है. इस देश का क्षेत्रफल 10500 वर्ग किमी और अनुमानित जनसंख्या 1700000 है. गाम्बिया 18 फरवरी, 1965 को ब्रिटेन से स्वतन्त्र हुआ और राष्ट्रमंडल में सम्मिलित हो गया था.
राष्ट्रमंडल क्या है?
राष्ट्रमंडल देश (कॉमनवेल्थ ऑफ नेशंस) 53 स्वतंत्र राज्यों का एक संघ है जिसमें सारे राज्य अंग्रेजी राज्य का हिस्सा थे ( मोज़ाम्बीक और स्वयं संयुक्त राजशाही को छोड़ कर). इसकी स्थापना 1931 में हुई थी, लेकिन इसका आधुनिक स्वरूप 1947 में भारत और पाकिस्तान के स्वतंत्र होने के बाद निश्चित हुआ. इसका मुख्यालय लंदन में स्थित है. राष्ट्रमंडल या राष्ट्रकुल देशों का कोई संविधान या चार्टर नहीं है. इसके प्रमुखों की प्रत्येक दो वर्ष में एक बार बैठक होती है. राष्ट्रकुल समूह के देशों की कुल जनसंख्या 1.9 अरब है, जो विश्व की जनसंख्या की एक-तिहाई भाग है.
लंदन घोषणा के तहत ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय राष्ट्रमंडल देशों के समूह की प्रमुख होती हैं. राष्ट्रमंडल सचिवालय की स्थापना 1965 में हुई थी. इसके महासचिव मुख्य कार्यकारी के तौर पर काम करते हैं. नवंबर 2007 से कमलेश शर्मा इसके महासचिव हैं.
इसका मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र, साक्षरता, मानवाधिकार, बेहतर प्रशासन, मुक्त व्यापार और विश्व शांति को बढ़ावा देना है. इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय प्रत्येक चार वर्ष में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और बैठक में भाग लेती हैं.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation