Vande Bharat Sleeper: वाराणसी से दिल्ली का सफर आसान, इस तारीख से चल सकती है दूसरी स्लीपर वंदे भारत, देखें डिटेल्स
वाराणसी-नई दिल्ली के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर से शुरू होने की पूरी उम्मीद है। प्रस्तावित प्लान के अनुसार, 31 अक्टूबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। इस ट्रेन के शुरू होने से वाराणसी के साथ प्रयागराज और कानपुर के यात्रियों को भी लाभ मिल सकता है।
Varanasi-Delhi Sleeper Vande Bharat: वाराणसी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी! भारतीय रेलवे वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित प्लान के अनुसार, 31 अक्टूबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
उद्घाटन के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के शामिल होने की संभावना है। इस ट्रेन के शुरू होने से वाराणसी के साथ प्रयागराज और कानपुर के यात्रियों को भी फायदा मिल सकता है। चलिए इस ट्रेन के बारें में विस्तार से पढ़ते है।
31 अक्टूबर को हो सकता है ट्रेन का उद्घाटन
वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत को लेकर रेलवे की तैयारियां जारी हैं। उद्घाटन के दिन विशेष रेक के वाराणसी से सुबह 11 बजे रवाना होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके स्वागत के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ जंक्शन पर भी तैयारियां की जा रही हैं।
हालांकि, ट्रेन के नियमित परिचालन और उसके अंतिम शेड्यूल को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। शनिवार को इसका परिचालन नहीं होगा।
रात 8:50 बजे वाराणसी से चलेगी ट्रेन
प्रस्तावित टाइमिंग के अनुसार, ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी। यह रात 10:35 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 10:40 बजे आगे के लिए रवाना हो जाएगी।
इसके बाद ट्रेन रात 12:40 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी। यानी यात्रियों को रात में सफर करने के बाद सुबह-सुबह राजधानी पहुंचने का विकल्प मिल सकता है।
यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जिन्हें दिल्ली में सुबह कार्यालय, कारोबार या अन्य जरूरी काम निपटाने होते हैं। छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को भी इससे सहूलियत मिल सकती है।
क्या होगा दिल्ली से वापसी का समय
दिल्ली से वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए भी ट्रेन की प्रस्तावित समय-सारिणी जारी की गई है। ट्रेन संख्या 27422 रात 9:40 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 4:45 बजे यह प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।
प्रयागराज में पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना होगी और सुबह 6:45 बजे अपने अंतिम स्टेशन पर पहुंच जाएगी। हालांकि, यात्रियों को ध्यान देना चाहिए कि ये समय फिलहाल प्रस्तावित हैं। नियमित सेवा शुरू होने से पहले इनमें बदलाव हो सकता है।
प्रयागराज जाने वालों को मिलेगा नया विकल्प
प्रयागराज से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल प्रयागराज एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस जैसे विकल्प मौजूद हैं। स्लीपर वंदे भारत शुरू होने के बाद इस रूट पर प्रीमियम रेल यात्रा का एक और विकल्प जुड़ सकता है।
गौरतलब है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 17 जनवरी को गुवाहाटी के कामाख्या और कोलकाता के हावड़ा के बीच शुरू हुई थी।
अब वाराणसी-दिल्ली रूट पर दूसरी स्लीपर वंदे भारत की संभावित शुरुआत से पूर्वी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। नियमित परिचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को इसके सही समय और सुविधाओं की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.