असम और मिजोरम की सरकारों ने राज्य की सीमा पर हिंसक झड़प के बाद स्थिति पर चर्चा करने के लिए 18 अक्टूबर 2020 को केंद्र से बातचीत की. बता दें कि हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए. इलाके में स्थिति अब नियंत्रण में है. मिजोरम के कोलासिब जिले और असम के कछार जिले की सीमा पर ये घटना घटी है.
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने PMO और गृह मंत्रालय को जानकारी दी है. असम सरकार ने एक बयान में कहा कि उन्होंने मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा से भी फोन पर बात की और सीमा के मुद्दों को सुलझाने और विवादों को सुलझाने के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया. असम और मिज़ोरम के निवासियों के बीच उत्पन्न यह क्षेत्रीय विवाद पूर्वोत्तर में लंबे समय से चले आ रहे है.
विवाद का मुख्य कारण
असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद लंबे अरसे से चल रहा है. सीमा विवाद के मुद्दे पर इसी महीने दो बार हिंसक झड़पें हो चुकी हैं. मिजोरम की 164.6 किमी लंबी सीमा असम से लगी है. वर्तमान में असम और मिजोरम लगभग 165 किलोमीटर की सीमा साझा करते हैं. दोनों राज्यों के बीच क्षेत्रीय विवाद की जड़ों को औपनिवेशिक काल में खोजा जा सकता है.
दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद बहुत पुराना है. मिजोरम सरकार ने असम से लगी सीमा के पुनर्निधारण की मांग उठाई है. मिज़ोरम का मानना है कि असम और मिज़ोरम के बीच सीमा का विभाजन वर्ष 1875 की अधिसूचना के आधार पर किया जाना चाहिये, जो कि बंगाल ईस्टर्न फ्रंटियर रेगुलेशन (BEFR) अधिनियम, 1873 के माध्यम से जारी की गई थी.
मिज़ोरम के लोगों का मानना है कि वर्ष 1933 की अधिसूचना को जारी करने के संबंध में स्थानीय लोगों से परामर्श नहीं किया गया था. दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद की शुरुआत 1980 के दशक में मिज़ोरम के गठन के बाद हुई थी, हालाँकि कुछ वर्ष पूर्व असम और मिज़ोरम की सरकारों के बीच एक समझौता हुआ था, जिसके मुताबिक दोनों राज्यों की सीमाओं पर यथास्थिति बनाई रखी जानी चाहिये, लेकिन इस मुद्दे को लेकर दोनों राज्यों के लोगों के बीच समय-समय पर हिंसक झड़पें होती रहती हैं.
पूर्वोत्तर में अन्य सीमा विवाद
वर्तमान में असम, पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों के साथ अपनी सीमा साझा करता है. नगालैंड-असम लगभग 512 किलोमीटर की सीमा साझा करते हैं और दोनों राज्यों के बीच वर्ष 1965 के बाद से सीमा विवाद को लेकर हिंसक संघर्ष चल रहा है. असम और अरुणाचल प्रदेश जो कि लगभग 800 किलोमीटर से अधिक की सीमा साझा करते हैं, दोनों के बीच सीमा पर सर्वप्रथम वर्ष 1992 में हिंसक झड़प हुई थी.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation