दीपिका कुमारी ने लगातार छठी बार सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीता. दीपिका कुमारी ने 34वीं सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के फाइनल में गुजरात की वी. परिणता को पराजित किया. यह फ़ाइनल मैच जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्टस काम्प्लेक्स में 25 दिसंबर 2013 को खेला गया. यह फ़ाइनल मैच खेलने से पूर्व उन्हें विश्व वरीयता क्रम में 10वां स्थान प्राप्त है.
दीपिका कुमारी वर्ष 2009 में पुणे में हुई 29वीं चैँपियनशिप से लगातार राष्ट्रीय चैंपियन रही. दीपिका कुमारी ने इससे पूर्व स्टील प्लांट स्पोर्ट्स बोर्ड का प्रतिनिधित्व करते हुए 2010 गुवाहाटी में हुई 30वीं, 2011 में विजयवाड़ा में हुई 31वीं, जनवरी 2012 में जमशेदपुर में हुई 32वीं और उसी वर्ष दिसंबर में चेन्नई में हुई 33 वीं चैंपियनशिप में भी रिकर्व महिला स्पर्धा में भी स्वर्ण जीता था.
दीपिका कुमारी से सम्बंधित मुख्य तथ्य
• दीपिका कुमारी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप 2013 में पहली बार झारखंड से खेल रहीं हैं.
• दीपिका कुमारी ने सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप 2013 में फीटा राउंड के 70, 60 और 50 मी. स्पर्धाओं में नए राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाते हुए तीन और स्वर्ण जीते.
• 19 वर्षीय तीरंदाज दीपिका कुमारी झारंखड की रहने वाली हैं.
• दीपिका कुमारी ने फ्रांस स्थित पेरिस में आयोजित तीरंदाजी विश्वकप-2013 में रजत पदक सितम्बर 2013 में जीता.
• तीरंदाजी विश्वकप-2013 से पहले वह वर्ष 2012 में टोकयो में और 2011 में तुर्की में आयोजित विश्वकप प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकी हैं.
• टाटा आर्चरी अकादमी की कैडेट रही दीपिका कुमारी को टाटा स्टील ने वर्ष 2013 के लंदन ओलंपिक से पूर्व अपने खेल विभाग में मैनेजर नियुक्त किया था.
• भारत की महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी का टाटा स्टील स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ द ईयर के रूप में 3 मार्च 2013 को चयन किया गया था.
• दीपिका कुमारी ने वर्ष 2010 के दिल्ली कामनवेल्थ गेम्स में महिला रिकर्व इंडिविजुअल (Recurve individual) स्पर्धा का स्वर्ण पदक और महिला रिकर्व टीम (Recurve team) स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था.
• दीपिका कुमारी ने अमेरिका के आग्डेन में जूनियर विश्व चैपियन का खिताब जीता था.
• इसके अलावा दीपिका कुमारी ने कई राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में अनेक पदक जीते हैं.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation