भारत की पहली सरकारी कंपनी कौन-सी है, नहीं सुना होगा नाम
भारत की पहली सरकारी कंपनी की शुरुआत 1948 में हुई थी, जो कि एक टेलीकॉम कंपनी थी। इस कंपनी ने भारत में राष्ट्रीय संचार नेटवर्क का निर्माण किया। इस लेख में हम कंपनी के बारे में विस्तार से जानेंगे।
भारत में आज कई बड़ी सरकारी कंपनियां काम कर रही हैं। ये कंपनियां सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम में आती हैं। हालांकि, क्या आप भारत की पहली सरकारी कंपनी के बारे में जानते हैं, जिसने संचार नेटवर्क का निर्माण करने में मदद की थी। आप में से बहुत-से लोगों ने शायद इस कंपनी का नाम भी नहीं सुना होगा। इस लेख में हम कंपनी के बारे में विस्तार से जानेंगे।
भारत की पहली सरकारी कंपनी
भारत की पहली सरकारी कंपनी सार्वजनिक क्षेत्र की उपक्रम कंपनी इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड थी। देश को संचार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 12 अक्टूबर 1948 को कर्नाटक में इसकी स्थापना की गई थी।
कंपनी की स्थापना की पृष्ठभूमि
देश जब आजाद हुआ, तो हमारा औद्योगिक ढांचा कमजोर था। तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का मानना था कि बुनियादी और रणनीतिक उद्योगों पर सरकार का नियंत्रण होना चाहिए, जिससे देश अधिक गति से आगे बढ़ सके। वह सार्वजनिक क्षेत्र की इन कंपनियों को 'आधुनिक भारत के मंदिर' कहा करते थे। Industrial Policy Resolution, 1948 के तहत, देश की पहली सरकारी विभागीय फैक्ट्री के रूप में 'इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज' की नींव रखी गई थी। साल 1950 में इसे एक कमर्शियल कंपनी के रूप में बदल दिया गया।
क्या था कंपनी का मुख्य उद्देश्य
उन दिनों भारत संचार आवश्यकताओं के लिए पूरी तरह विदेशी कंपनियों पर निर्भर था। ऐसे में ITI की स्थापना विदेशी निर्भरता को खत्म करने के लिए की गई थी। भारत के शुरुआती संचार नेटवर्क के विकास में 50 फीसदी योगदान इस कंपनी का रहा था। कंपनी द्वारा देश में दूर-दूर तक टेलीफोन लाइनों को पहुंचाने के लिए भारी उपकरणों को निर्माण किया गया था।
कंपनी का विस्तार कैसे हुआ
कर्नाटक से शुरू होने के बाद इस कंपनी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपना विस्तार किया।
-
बंगलुरु (कर्नाटक)
-
नैनी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)
-
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)
-
मनकापुर, गोन्डा (उत्तर प्रदेश)
-
पालक्काड़ (केरल)
-
श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर)
क्या है भ्रम
कई बार लोगों को भ्रम का होता है कि 'हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड' (HAL) भारत की पहली सरकारी कंपनी है, हालांकि ऐसा नहीं है। क्योंकि, HAL की स्थापना 1940 में 'हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट' के रूप में हुई थी। यह एक निजी कंपनी थी, जिसके मालिक सेठ वॉलचंद हीराचंद थे। बाद में सरकार द्वारा इसका अधिग्रहण किया गया। ऐसे में आजाद भारत की पहली सरकारी कंपनी 'ITI Limited'ही है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.