भारत में सबसे पहले किस राज्य में लगा था राष्ट्रपति शासन, जानें यहां
इतिहास में हमें भारत के अलग-अलग राज्यों में राष्ट्रपति शासन देखने को मिला है। इस कड़ी में उत्तर भारत के एक राज्य से इसकी शुरुआत हुई थी, जिसके बाद यह अन्य राज्यों में भी लगाया गया था।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 356 में राष्ट्रपति शासन का विवरण दिया गया है। देश में सबसे पहले राष्ट्रपति शासन पंजाब राज्य में लगा था। सरकार द्वारा यह कदम 20 जून, 1951 को उठाया गया था, जो कि 9 महीने और 27 दिनों तक चला था। ऐसे में 17 अप्रैल, 1952 को राष्ट्रपति शासन हटा दिया गया था। उस समय भारत के राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू थे।
पंजाब को कहा जाता था पूर्वी पंजाब
भारत की आजादी के बाद पंजाब राज्य एक संवेदनशील राज्य था। उस समय इसे पूर्वी पंजाब कहा जाता था। यहां कांग्रेस की सरकार थी और गोपी चंद्र भार्गव पंजाब के मुख्यमंत्री हुआ करते थे। हालांकि, उस समय पंजाब के अंदर पार्टी गुटबाजी चल रही थी, जिससे राष्ट्रपति शासन की नींव तैयार हुई थी।
राष्ट्रपति शासन लगने का मुख्य कारण
पंजाब में उस समय कांग्रेस दो गुटों में थी। इसमें एक गुट गोपी चंद्र भार्गव की तरफ था, जबकि दूसरा गुट भीम सेन सच्चर की तरफ था। ऐसे में राजनीतिक अस्थिरता को समाप्त करने के लिए हाईकमान की ओर से मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने के लिए कहा गया। गोपी चंद्र ने इस्तीफा दे भी दिया, लेकिन भीम सेन सच्चर व अन्य नेता सरकार बनाने के लिए बहुमत साबित नहीं कर सके। इससे राज्यपाल ने केंद्र को रिपोर्ट भेजी और पीएम की सिफारिश के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लग गया।
कैसे हटा राष्ट्रपति शासन
पंजाब में राष्ट्रपति शासन 9 महीने और 27 दिनों तक रहा था। हालांकि, 1951-52 में देश में पहले आम चुनाव हुए और पंजाब में विधानसभा का गठन किया गया, जिसमें भीम सेन सच्चर पंजाब के नए सीएम बने। ऐसे में राज्य से राष्ट्रपति शासन हटा दिया गया।
सबसे लंबी अवधि का राष्ट्रपति शासन
आपको बता दें कि पंजाब राज्य ही देश का ऐसा राज्य है, जहां सबसे लंबी अवधि का राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। यहां 1987 से 1992 तक यानि 5 साल तक राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। यह निर्णय आंतकवादी गतिविधियों को देखते हुए लिया गया था। आपको बता दें कि राज्य में राष्ट्रपति शासन की अवधि 6 महीने ही होती है। इसके बाद इसे आगे बढ़ाने के लिए संसद की मंजूरी चाहिए होती है।
क्यों जरूरी है यह लेख
UPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में राष्ट्रपति शासन और इससे जुड़े तथ्यों पर अक्सर सवाल पूछे जाते हैं। इस लेख में राष्ट्रपति शासन लगने वाले पहले राज्य के बारे में विस्तार से बताया है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.