संगीतकार एआर रहमान और राम कृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर को अलग-अलग क्षेत्रों में देश की एकता को मजबूत करने के लिए वर्ष 2009 का इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार दिया गया. 25वां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहीदी दिवस पर दिल्ली में 31 अक्टूबर 2010 को प्रदान किया गया. एआर रहमान को राष्ट्रीय एकता के संगीत और उनके संगीत विद्यालय केएम म्यूजिक कंजरवेटरी के द्वारा सामाजिक योगदान के लिए यह पुरस्कार मिला. जबकि राम कृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर (बस्तर, छतीसगढ़) को वहां की जनजाति पहाड़ी माड़िया आदिवासी की सेवा व सामाजिक उत्थान के लिए किए गए कार्यों के आधार पर यह पुरस्कार दिया गया.
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति द्वारा दिए जाने वाले इस पुरस्कार में 5 लाख रु. की राशि और एक प्रशस्तिपत्र दिया जाता है. वर्ष 1985 में शुरू किया गया यह पुरस्कार राजीव गांधी, एपीजे अबुल कलाम, शंकर दयाल शर्मा, श्याम बेनेगल, महाश्वेता देवी, जावेद अख्तर जैसे महत्वपूर्ण व्यक्तियों को दिया गया है. वर्ष 2008 का यह पुरस्कार लेखक व पत्रकार बलराज पुरी को दिया गया था.
इंदिरा गांधी के नाम पर एक अन्य पुरस्कार इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट के द्वारा इंदिरा गांधी शांति, निःशस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार दिया जाता है, जिसे इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार या इंदिरा गांधी पुरस्कार भी कहा जाता है.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation