Delhi Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 की घोषणा कर दी गई है. चुनाव आयोग द्वारा जारी जानकारी में कहा गया है कि आज से (06 जनवरी 2020) से दिल्ली में आचार संहिता लागू हो गई है जबकि 14 जनवरी को आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी.
चुनाव आयोग द्वारा कहा गया है कि दिल्ली में 13750 बूथों पर वोटिंग होगी और 2689 जगहों पर मतदान होगा. दिल्ली विधानसभा के लिए 8 फरवरी को सिंगल फेज़ में मतदान होगा और मतगणना 11 फरवरी को होगी. चुनाव आयुक्त द्वारा कहा गया कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं तथा उन्हें घर से ही वोटिंग की सुविधा मिलेगी.
मतदान की तिथि और नतीजे
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि दिल्ली चुनावों में 2689 जगहों पर वोटिंग होगी. इसमें 13750 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे जिसके लिए 90,000 कर्मचारियों की आवश्यकता होगी. दिल्ली में 8 फरवरी को एक चरण में चुनाव होंगे. मतगणना 11 फरवरी को होगी. चुनावों की तारीख की घोषणा के साथ ही राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है.
दिल्ली में 13,750 मतदान केंद्र
सूत्र यह भी बताते हैं कि विधानसभा चुनाव में हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक मतदान केंद्र मॉडल होगा. इस बार 2,689 मतदान स्थलों पर 13,750 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. बीते विधानसभा चुनाव में मतदान स्थलों की संख्या 2,530 थी, जबकि लोकसभा चुनाव में 2,700 थी. दिल्ली विधानसभा चुनाव में 1,46, 92,136 वोटर अपने मत का प्रयोग करेंगे. चुनाव आयुक्त ने बताया पोलिंग स्टेशन पर मोबाइल फोन के लिए लॉकर की सुविधा प्रदान की जाएगी. साथ ही सी-विजिल ऐप के जरिए आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी शिकायतों को दर्ज कराया जा सकेगा.
पिछले चुनाव नतीजे
वर्ष 2015 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) को 70 में से 67 सीटें हासिल हुई थीं. आम आदमी पार्टी ने पहली बार चुनाव लड़कर इतनी सीटें हासिल करने का इतिहास रचा था, जबकि भारतीय जनता पार्टी को केवल तीन सीटें प्राप्त हुई थीं. इसके अतिरिक्त कांग्रेस को एक भी सीट हासिल नहीं हुई थी.
दिल्ली के मुख्यमंत्रियों की सूची | ||
नाम | कार्यकाल | दल |
चौधरी ब्रह्म प्रकाश | 17 मार्च 1952 – 12 फ़रवरी 1955 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
गुरुमुख निहाल सिंह | 12 फ़रवरी 1955 – 1 नवम्बर 1956 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
मदन लाल खुराना | 2 दिसम्बर 1993 – 26 फ़रवरी 1996 | भारतीय जनता पार्टी |
साहिब सिंह वर्मा | 26 फ़रवरी 1996 – 12 अक्टूबर 1998 | भारतीय जनता पार्टी |
सुषमा स्वराज | 12 अक्टूबर 1998 – 3 दिसम्बर 1998 | भारतीय जनता पार्टी |
शीला दीक्षित | 3 दिसम्बर 1998 – 28 दिसम्बर 2013 | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस |
अरविंद केजरीवाल | 28 दिसम्बर 2013 – 14 फ़रवरी 2014 | आम आदमी पार्टी |
राष्ट्रपति शासन | 15 फ़रवरी 2014 - 13 फ़रवरी 2015 | राष्ट्रपति शासन |
अरविंद केजरीवाल | 14 फ़रवरी 2015 – अब तक | आम आदमी पार्टी |
Comments
All Comments (0)
Join the conversation