भारत के रजत चौहान और मंजुदा सॉय की कंपाउंड मिश्रित जोड़ी को तुर्की स्थित अंताल्या में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2013 के दूसरे चरण में रजत पदक प्राप्त हुआ. 15 जून 2013 को खेले गए फाइनल में भारतीय जोड़ी इटली की विश्व चैम्पियन जोड़ी सरगियो पैगनी और मर्केला तोनियोली से एक अंक से पराजित हुई.
भारत ने कंपाउंड वर्ग में इससे पहले कभी स्वर्ण पदक नहीं जीता है और भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ओगडेन तीरंदाजी विश्व कप 2011 (तीसरा चरण) में रजत पदक था जो मंजुदा सॉय, गगनदीप कौर और झानू हंसदा ने महिला टीम स्पर्धा में जीता था.
मंजुदा सॉय का यह तीरंदाजी विश्व कप में दूसरा रजत पदक है जबकि कंपाउंड टीम वर्ग की मिश्रित टीम स्पर्धा में यह भारत का पहला रजत पदक है. इससे पहले भारत के रिकर्व तीरंदाज क्वार्टर फाइनल से पहले ही पराजित हो गए थे.
तीरंदाजी विश्व कप 2013 के दूसरे चरण में भारत पदक तालिका में ऑस्ट्रिया के साथ नौवें स्थान पर रहा. भारत ने मई 2013 में शंघाई में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2013 के पहले चरण में चौथा स्थान प्राप्त किया था.
तीरंदाजी विश्व कप 2013 के दूसरे चरण में कोरिया 3 स्वर्ण और 3 रजत सहित कुल 7 पदक के साथ शीर्ष पर रहा. चीन ने 2 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक के साथ दूसरा और डेनमार्क ने 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation