वाहन उद्योग क्षेत्र की कंपनी क्राइसलर द्वारा धार्मिक रूप से संवेदनशील वेबसाइट डोमेन नाम डॉट राम के पंजीकरण पर भारत सरकार ने आपत्ति जताई. इसके बाद इंटरनेट कॉर्पोरेशन फॉर असाइन्ड नेम्स ऐंड नंबर्स (आईसीएएनएन) इस नाम की संवेदनशीलता पर विचार कर रहा है.
रम ट्रक्स (Ram trucks) नाम के तहत ट्रक बेचने वाली वाहन कंपनी क्राइसलर ने डॉट राम डोमेन के लिए आवेदन किया था. अंग्रेजी में लिखे गए शब्द रम का उच्चारण राम भी हो सकता है. इसीलिए भारत के आपत्ति जताने के बाद कंपनी की एक टीम इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार) के अधिकारियों से मिलने भी आई थी.
इसके साथ ही भारत सरकार ने आईसीएएनएन द्वारा डॉट राम, डॉट इस्लाम, डॉट बाइबल और डॉट हलाल डोमेन नाम विदेशी एजेंसियों को आवंटित किए जाने पर सख्त एतराज जताया है. संयुक्त अरब अमीरात की सरकार ने भी एक निजी कंपनी द्वारा डॉट इस्लाम और डॉट हलाल जैसे डोमेन नामों का पंजीकरण कराने पर आपत्ति जताई थी.
भारत को निम्नलिखित डोमेन नामों पर है आपत्ति
| डोमेन नाम | आवेदक |
| इस्लाम | एशिया ग्रीन आईटी सिस्टम बिलगिसायर सैन |
| बाइबल | अमेरिकन बाइबल सोसाइटी |
| इंडियंस | रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड |
| आर्मी | यूनाइटेड टीएलडी होल्डको लिमिटेड |
| नेवी | यूनाइटेड टीएलडी होल्डको लिमिटेड |
| एयरफोर्स | यूनाइटेड टीएलडी होल्डको लिमिटेड |
| हलाल | एशिया ग्रीन आईटी सिस्टम बिलगिसायर सैन |
| शिक्षा | एफिलियास लिमटेड |
Comments
All Comments (0)
Join the conversation