उत्तर प्रदेश भारत में जनसंख्या के हिसाब से सबसे बड़ा राज्य है। साल 2011 में यहां की जनसंख्या 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी, जो कि पूरे भारत की करीब 16.5 फीसदी थी। हालांकि, वर्तमान में यह 24 करोड़ को पार कर गई है।
भारत का यह राज्य कुल 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि अपने समृद्ध और गौरवशाली इतिहास के लिए जाना जाता है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बारे में सुना और पढ़ा होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश के किस जिले को हम पांचाल नगर के रूप में भी जानते हैं। यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश का परिचय
उत्तर प्रदेश का पूर्व में कई बार नाम बदल गया है। पहले यहां कौशल और पांचाल साम्राज्य हुआ करता था। बाद में यहां शर्की पहुंचे और यहां जौनपुर क्षेत्र बनाया गया। वहीं, जब यहां मुगलों का राज हुआ, तो उन्होंने इसके पास अवध सूबा बनाया।
ब्रिटिशों का राज हुआ, तो उन्होंने इसके पास उत्तर-पश्चिम प्रांत बनाया। हालांकि, बाद में इसे अवध सूबे से जोड़ दिया गया, जो कि बाद में संयुक्त प्रांत कहलाया। देश आजाद हुआ, तो यह उत्तर प्रदेश नाम से जाना जाने लगा।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले
उत्तर प्रदेश में कुल जिलों की बात करें, तो यह सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। यहां कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। वहीं, ये मंडल कुल चार संभागों में आते हैं। इन संभागों की बात करें, तो यहां पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश है। इसके अतिरिक्त यहां कुल 17 नगर निगम, 75 नगर पंचायत, 200 नगर पालिका परिषद्, 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत और 28 विकास प्राधिकरण मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह लखीमपुर खीरी है, जो कि 7680 वर्ग किलोमीटर में है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में है। यहां जनसंख्या के हिसाब से सबसे बड़ा जिला प्रयागराज है। इसके बाद मुरादाबाद और गाजियाबाद जिला है।
उत्तर प्रदेश के चार दिशाओं के चार जिले
उत्तर प्रदेश का सबसे पूर्वी जिला बलिया है। वहीं, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर है। सबसे पश्चिमी जिले की बात करें, तो यह शामली है और सबसे दक्षिणी जिला सोनभद्र है।
किस जिले को कहा जाता है पांचाल नगर
उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले को हम पांचाल नगर के नाम से भी जानते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत के पांचाली के पिता पांचाल नरेश यहां के राजा हुआ करते थे, उस समय इस जगह का नाम पांचाल नगर हुआ करता था। ऐसे में इस जिले को हम पांचाल नगर के नाम से भी जानते हैं।
पढ़ेंः ट्रेन का टिकट खोने या फटने पर क्या करें, यहां पढ़ें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation