|
बहुत से लोग यह मालूम करने के लिए मुझे लिखते रहते हैं कि वे कैसे संगीत में अपना करियर बना सकते हैं। इसी महीने मुझे 25 से ज्यादा ईमेल मिली हैं, जिनमें पूछा गया है कि कैसे लोग संगीत इंडस्ट्री में अपना करियर बना सकते हैं। कोई गायन में अच्छा है, कोई संगीत व्यवस्था में अच्छा है और कोई गीतकाव्य लिखने में अच्छा। कोई जानना चाहता है कि लीड गिटार कैसे बेहतर ढंग से बजाया जाए इत्यादि। संगीत का जीवन से भी बड़ा गहरा जुड़ाव है। दरअसल, संगीत वह भाषा है जिसे दिल समझता है और यह सबसे गहरे एहसासों के साथ जुड़ने में हमारी मदद करता है। संगीत एक प्रेरणा बन सकता है, जहां इसे कहानी सुनाने के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है या संगीत एक मनरंजन का रूप हो सकता है। संगीत श्रोता की भावनाओं को बदल सकता है। लोगों को प्रेरित कर उनके जीवन का कायाकल्प कर सकता है। इसमें कोई अचरज की बात नहीं कि हमारे देश में संगीत प्रतिभा का बाहुल्य है, जो पूरे देश में गुंजायमान है। बहरहाल, यहां मैं अपने अनुभवों से कुछ तरीकों का सुझाव दे रहा हूं जिनका लाभ उठाकर संगीत में अपने आपको आगे बढ़ाया जा सकता है: अपने को पहचानें अक्सर लोग मुझे लिखते हैं कि वे गायक बनना चाहते हैं। माना कि आपकी आवाज औसत दर्जे की हो सकती है, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि आप संगीत में करियर नहीं बना सकते। सबसे पहले तो आपकी शक्तियां क्या हैं, उन्हें पहचानें और फिर उन्हें विकसित करने के लिए मेहनत कीजिए। अपनी सीमाओं को स्वीकार कीजिए। मसलन, आप वाद्य यंत्र बजाना शुरू कर सकते हैं, एक संगीतकार या गीतकाव्य लेखक बन सकते हैं, संगीत आलोचक, संगीत चिकित्सक या एक डीजे तक बन सकते हैं। अगर आपको मालूम नहीं है कि आप किसमें अच्छे हैं, तो अपने दोस्तों, परिवार के सदस्यों को अपनी कला दिखाने की कोशिश कीजिए और उनका फीडबैक लीजिए। निखारें अपना कौशल जब एक बार आपको मालूम हो जाए कि आप किस क्षेत्र में विशेषता हासिल करना चाहते हैं, तो अपने कौशल को निखारना शुरू कीजिए। हाल ही में, किसी ने मुझे लिखा था कि वह एक गायक बनना चाहता है, लेकिन उसके पास म्यूजिक स्टूडियो शुरू करने के लिए पैसे नहीं हैं? इस पर मेरा प्रश्न है, क्यों एक गायक के रूप में आपको एक म्यूजिक प्रोडक्शन स्टूडियो की जरूरत है? क्या आप संगीत बनाने के कारोबार में हैं या गायन में? कुल मिलाकर, आप रास्ते से मत भटकिए। अपनी शक्तियों को समझने और फिर उन्हें विकसित करने की जरूरत है। अगर आप गायन में अच्छे हैं और अपने वाक कौशल को निखारना चाहते हैं, तो अपने इलाके में किसी प्रतिष्ठित संस्थान द्वारा पेश किया जा रहा कोर्स कीजिए। विभिन्न रागों को सीखना शुरू कीजिए। उन बुनियादी नियमों को सीखना शुरू कीजिए, जो आवाज के उतार-चढ़ाव में सुधार लाते हैं और आवाज की गहराई को बढ़ाते हैं। संगीत में कैसे अच्छा बना जाए, इसके लिए मास मीडिया में एक अल्पावधि कोर्स कीजिए।
हुनर का प्रदर्शन हम में से ज्यादातर लोग यहीं आकर संघर्ष करते हैं। पूरे देश में आयोजित हो रहे टैलेंट शो में हर कोई सफल नहीं होता। तो भला एक व्यक्ति कैसे पूरी दुनिया को अपना हुनर दिखाए? फिलहाल, इंटरनेट और म्यूजिक शेयरिंग प्लेटफॉम्र्स के आगमन के साथ यह आसान हो गया है, जहां आप अपने हुनर के प्रदर्शन के लिए यूट्यूब चैनल बना सकते हैं । याद रखिये, लोग सर्वश्रेष्ठ संगीत सुनना चाहते हैं। इसलिए जब आप अपनी प्रतिभा का ऑनलाइन प्रदर्शन करें, तब कुछ सामान्य या औसत दर्जे का बिल्कुल पेश मत करें। अगर आपका काम वाकई अच्छा है, तो लोग आपको पसंद करेंगे और अंतत: आपको बिजनेस मिलना शुरू हो जाएगा।
|
Comments
All Comments (0)
Join the conversation