उत्तर प्रदेश राज्य भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है। यह राज्य देश के 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इसके कुल एरिया प्रतिशत की बात करें, तो यह 7.33 फीसदी हिस्से पर फैला हुआ है। वहीं, भारत पूरी दुनिया के 2.4 फीसदी हिस्से पर है।
उत्तर प्रदेश में हमें विभिन्न संस्कृति, अनूठी परंपराएं, समृद्ध इतिहास और विविधता का समावेश देखने को मिलता है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। इस कड़ी में क्या आप जानते हैं कि यूपी के किस जिले में सर्वाधिक नमभूमि मौजूद है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश का गठन
उत्तर प्रदेश आज जिस जगह पर है, वहां हजारों साल पहले कौशल और पांचाल साम्राज्य हुआ करता था। बाद में यहां शर्की पहुंचे और उन्होंने यहां जौनपुर बसाया। कुछ समय बाद यहां मुगल पहुंचे और उन्होंने यहां सूबे के रूप में अवध सूबा बसाया। वहीं, ब्रिटिश ने पैर फैलाना शुरू किया, तो उन्होंने यहां पास में उत्तर-पश्चिम प्रांत बसाया।
इसे बाद में अवध के साथ जोड़ दिया गया और इसे आगरा एवं अवध प्रांत नाम दिया गया। हालांकि, बाद में इसे संयुक्त प्रांत नाम दिया गया। समय बीता और देश आजाद हुआ, जिसके बाद साल 1950 में प्रदेश का नाम उत्तर प्रदेश कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले और मंडल
उत्तर प्रदेश भारत में सर्वाधिक जिले वाला राज्य है। यहां कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों का हिस्सा हैं। ये मंडल कुल चार संभागों का हिस्सा हैं, जिसमें पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश है। इसके अतिरिक्त यहां 351 तहसील, 826 सामुदायिक विकास खंड, 17 नगर निगम, 28 विकास प्राधिकरण और 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला लखीमपुर खीरी जिला है। यह जिला कुल 7246 वर्ग किलोमीटर में है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में है।
उत्तर प्रदेश का सर्वाधिक नमभूमि वाला जिला
उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक नमभूमि वाले जिले की बात करें, तो यह सोनभद्र जिला है। आपको बता दें कि यह जिला उत्तर प्रदेश का सबसे दक्षिणी जिला है। साथ ही, यह एनर्जी कैपिटल ऑफ इंडिया भी है।
क्यों कहा जाता है सर्वाधिक नमभूमि वाला जिला
सोनभद्र में छोटे-बड़े मिलाकर 6 हजार से अधिक नमभूमि क्षेत्र हैं। इनके कुल एरिया प्रतिशत की बात करें, तो यह कुल क्षेत्र का 5 फीसदी है। ऐसे में यह जिला सर्वाधिक नमभूमि वाला जिला है। इसके बाद रायबरेली और सीतापुर जैसे जिले हैं, जहां सर्वाधिक नमभूमि क्षेत्र मौजूद हैं।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गिए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंः भारत के किस राज्य में स्थित है तानसेन का मकबरा, जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation