उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि भारत के 7.33 फीसदी हिस्से पर है। इसके कुल एरिया की बात करें, तो यह 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह राज्य पूरे देश में सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाला राज्य भी है।
वहीं, भारत का यह राज्य सबसे अधिक जनसंख्या और सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। साल 2011 में यहां की जनसंख्या 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी, जो कि वर्तमान में 24 करोड़ तक पहुंच गई है।
राज्य के प्रत्येक जिले की अपनी विशेषता है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों का भ्रमण किया होगा व कुछ जिलों के बारे में पढ़ा और सुना भी होगा। हालांकि, क्या आप यूपी के ऐसे जिले के बारे में जानते हैं, जहां पर्वत मौजूद है। इस पर्वत को हम कामदगिरी पर्वत के नाम से जानते हैं। कहां है यह पर्वत और क्या है पर्वत का महत्त्व, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले
उत्तर प्रदेश में कुल जिलों की बात करें, तो यहां कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। इसके साथ ही यहां 351 तहसील, 826 सामुदायिक विकास खंड, 17 नगर निगम, 75 नगर पंचायत, 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत और 200 नगर पालिक परिषद् हैं।
उत्तर प्रदेश के जिलों पर एक नजर
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह लखीमपुर खीरी है, जो कि 7680 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में है। प्रदेश का सबसे पूर्वी जिला बलिया, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर, सबसे दक्षिणी जिला सोनभद्र और सबसे पश्चिमी जिला शामली है।
यूपी के किस जिले में है कामदगिरी पर्वत
अब सवाल है कि यूपी के किस जिले में कामदगिरी पर्वत मौजूद है, तो आपको बता दें कि यह यूपी के चित्रकूट जिले में मौजूद है।
क्या है कामदगिरी पर्वत का महत्त्व
अब सवाल है कि आखिर कामदगिरी पर्वत का महत्त्व क्या है ? चित्रकूट जिले की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, यह पर्वत आस्था का प्रमुख केंद्र है। कामदगिरी का अर्थ है, ऐसा पर्वत, जो सभी कामनाओं की पूर्ति करता हो।
साथ ही ऐसा माना जाता है कि यह वही पर्वत है, जहां राम, सीता और लक्ष्मण वनवास काल के दौरान रहे थे। चित्रकूट में किसी भी स्थान से इस पर्वत पर नजर पड़ती है, तो यह धनुषाकार का दिखता है। इसके चारो ओर कुल पांच किलोमीटर का परिक्रमा मार्ग है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation