34 वां राष्ट्रीय खेल झारखंड की राजधानी रांची में 26 फरवरी 2011 (12 से 26 फरवरी) को संपन्न हो गया. 15 दिन तक चले खेलों के इस महाकुम्भ में सेना (सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड SSCB) 70 स्वर्ण, 50 रजत और 42 कांस्य के साथ पदक तालिका में पहले स्थान पर, मणिपुर 48 स्वर्ण, 37 रजत और 33 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर, हरियाणा 42 स्वर्ण, 33 रजत और 40 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर रही. महाराष्ट्र चौथे तथा मेजबान झारखंड 33 स्वर्ण 26 रजत और 37 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में 5वें स्थान पर है, जबकि झारखंड 33वें राष्ट्रीय खेल में 6 स्वर्ण के साथ कुल 22 पदक ही जीत पाया था. गुवाहाटी (असम) में हुए 33वें राष्ट्रीय खेल में भी सेना और मणिपुर क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहे थे. पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र के तैराक वीरधवल खाड़े को तथा महिला वर्ग में दिल्ली की तैरक ऋचा मिश्र को 34वें राष्ट्रीय खेल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया. राजा भालेंद्र सिंह ट्राफी सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड को तथा सर्वश्रेष्ठ राज्य की ट्राफी मणिपुर को प्रदान की गई. 34वें राष्ट्रीय खेल में 2 कांस्य पदक के साथ नागालैंड पदक तालिका में सबसे नीचे 32वें स्थान पर रहा.
34वें राष्ट्रीय खेल में देश के सभी 28 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों एवं सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (SSCB) के कुल 13 हजार से अधिक खिलाड़ियों और अधिकारियों ने भाग लिया. इसमें कुल 33 खेल प्रतिस्पार्धाओं का आयोजन किया गया. इनके लिए 444 स्वर्ण पदक सहित कुल 1479 पदक दांव पर लगे थे. 34वें राष्ट्रीय खेल का लोगो खेल के मैदान पर ड्रम वादन का एक दृश्य, तथा शुभंकर छउवा (एक मशाल के साथ दौड़ता हुआ बालक) था.
कुल 6 राज्य गुजरात, अरुणाचल प्रदेश,जम्मू-काश्मीर,मिजोरम चंडीगढ़, एवं नागालैंड कोई भी स्वर्ण पदक नहीं जीत पाए. 34वें राष्ट्रीय खेल की सभी प्रतिस्पार्धाएं रांची, जमशेदपुर एवं धनबाद में आयोजित की गई. झारखंड राज्य सरकार ने खेलगांव को खेल विश्वविद्यालय के तौरपर विकसित करने का निर्णय लिया है. खेल के दौरान प्रशिक्षक सुरेश बाबू का निधन 34वें राष्ट्रीय खेल का सबसे दुखद पहलू रहा. 34वें राष्ट्रीय खेल के अंतिम दिन अंतिम स्पर्धा टेबल टेनिस रही. इस स्पर्धा के पुरुष वर्ग में अचंत शरत कमल और महिला वर्ग में मधुरिका पटकर ने स्वर्ण पदक जीते.
34वें राष्ट्रीय खेल का आयोजन रांची के मेगा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में झारखंड के राज्यपाल एमओएच फारुख ने 12फरवरी 2011 को किया. उदघाटन समारोह में खिलाड़ियों की ओर से शपथ झारखंड की महिला निशानेबाज दीपिका कुमारी ने ली.
विदित हो कि 34वें राष्ट्रीय खेल का आयोजन वर्ष 2008 में ही होना था परन्तु कतिपय कारणों से इसे 6 बार स्थागित करने के बाद फरवरी 2011 में आयोजित किया गया. 35वां राष्ट्रीय खेल केरल की मेजबानी में वर्ष 2012 में आयोजित किए जाने हैं. 36वां राष्ट्रीय खेल गोवा में और 37वां राष्ट्रीय खेल छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जाने हैं.
Comments
All Comments (0)
Join the conversation