भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ पर खत्म हुआ. भारतीय टीम ने चार मैचों की यह टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है. इसी के साथ ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर इतिहास रच दिया है.
भारत की 71 साल में यह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली टेस्ट सीरीज जीत है. आजादी के बाद पहली बार कोई भारतीय टीम इस देश में टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाब रही है. विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है.
भारत ने पहली पारी में 622/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया था उसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम 300 रनों पर सिमट गई थी. भारत ने 322 रनों की बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन दिया. भारत ने विदेशी दौरों पर अब सिर्फ दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज नहीं जीती है.
वहीं, वर्ष 2005 के बाद यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम को फॉलो-ऑन मिला है. वर्ष 2005 में मेज़बान इंग्लैंड ने नॉटिंघम में खेले गए चौथे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया को फॉलो-ऑन दिया था.
कुलदीप यादव:
सिडनी टेस्ट में मेज़बान ऑस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी में पांच विकेट लेने के साथ स्पिनर कुलदीप यादव एशियाई सरज़मीं के बाहर सभी फॉर्मैट में 5 विकेट-हॉल झटकने वाले पहले भारतीय गेंदबाज़ बन गए हैं. साथ ही कुलदीप ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर पर 2012 के बाद 5 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर भी बन गए हैं.
मैन ऑफ द मैच:
सिडनी टेस्ट में 193 रन बनाने वाले चेतेश्वर पुजारा मैन ऑफ द मैच रहे, जबकि मैन ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी उन्हीं को मिला. चेतेश्वर पुजारा ने चार टेस्ट मैचों की सीरीज में कुल 521 रन बनाए.
भारत ने रचा इतिहास:
भारतीय टीम ने इस टेस्ट सीरीज़ को जीतने के बाद 71 साल का इंतज़ार तो खत्म किया ही, इसके साथ ही साथ भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में सीरीज़ हराने वाली पहली एशियाई टीम भी बन गई है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में सिर्फ चार देश इंग्लैंड, वेस्टइंडीज़, न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ्रीका ही सीरीज़ में मात दे सके हैं.
भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड (टेस्ट फॉर्मेट):
टीम का दौरा | भारतीय कप्तान | वर्ष | टेस्ट सीरीज | जीत |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | लाला अमरनाथ | 1947-1948 | 5 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 4-0 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | चंदू बोर्डे / मंसूर अली खान पटौदी | 1967-1968 | 4 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 4-0 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | बिशन सिंह बेदी | 1977-1978 | 5 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 3-2 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | सुनील गावस्कर | 1980-1981 | 3 मैचों की टेस्ट सीरीज | सीरीज 1-1 से ड्रॉ |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | कपिल देव | 1985-1986 | 3 मैचों की टेस्ट सीरीज | सीरीज 0-0 से ड्रॉ |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | मोहम्मद अजहरुद्दीन | 1991-1992 | 5 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 4-0 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | सचिन तेंदुलकर | 1999-2000 | 3 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 3-0 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | सौरव गांगुली | 2003-2004 | 4 मैचों की टेस्ट सीरीज | सीरीज 1-1 से ड्रॉ |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | अनिल कुंबले | 2007-2008 | 4 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 2-1 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | एमएस धोनी | 2011-2012 | 4 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 4-0 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | एमएस धोनी | 2014-2015 | 4 मैचों की टेस्ट सीरीज | ऑस्ट्रेलिया 2-0 से जीता |
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा | विराट कोहली | 2018-2019 | 4 मैचों की टेस्ट सीरीज | भारत 2-1 से जीता |
पृष्ठभूमि:
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में पहली टेस्ट सीरीज वर्ष 1947 में आजादी के बाद लाला अमरनाथ की कप्तानी में खेली थी. उस दौरे पर भारत को कंगारू टीम ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 4-0 से शिकस्त दी थी. भारत अब जाकर ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट सीरीज जीतने में सफल रहा है.
वर्ष 1947 दौरे को मिलाकर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में कुल 12 टेस्ट सीरीज खेली है. जिनमें से उन्हें 8 सीरीज में कंगारू टीम से शिकस्त मिली है. भारत वर्ष 1980-81, वर्ष 1985-86, वर्ष 2003-04 में 3 सीरीज ड्रॉ करवाने में कामयाब रहा है और अब वर्ष 2018-19 में भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराकर 1 टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली.
भारतीय टीम के कुल 13 कप्तान ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर चुके है, लेकिन टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाब सिर्फ विराट कोहली हुए.
यह भी पढ़ें: 150 टेस्ट मैच जीतने वाला दुनिया का पांचवां देश भारत बना
यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना बनीं आईसीसी 2018 की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी
Comments
All Comments (0)
Join the conversation