अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में 14 फरवरी 2015 को शपथ ग्रहण की. दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया गया.
भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 13 फरवरी 2015 को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अरविंद केजरीवाल को नियुक्त किया.
अरविंद केजरीवाल दूसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने. इससे पहले केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में 28 दिसंबर 2013 को शपथ ली थी. अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से 14 फरवरी 2014 को इस्तीफा दे दिया था.
दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव 7 फरवरी 2015 को कराए गए. इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को 67 सीटें और भारतीय जनता पार्टी को 3 सीटें मिली. अरविंद केजरीवाल के अलावा पार्टी के अन्य छह सदस्य मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, जितेंद्र तोमर, गोपाल राय, संदीप कुमार और असीम अहमद खान कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ दिलाई गई.
अरविंद केजरीवाल की नियुक्ति के साथ ही 14 फरवरी 2015 से प्रभावी दिल्ली में राष्ट्रपति शासन के आदेश को निरस्त कर दिया गया. संविधान के अनुच्छेद 239AB के तहत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में 16 फरवरी 2014 को राष्ट्रपति शासन के आदेश जारी किए गए.
केजरीवाल सरकार में मंत्रियों की सूची इस प्रकार है:
- अरविंद केजरीवाल : मुख्य मंत्री
- मनीष सिसोदिया : उपमुख्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग,शहरी विकास विभाग, वित्त एवं अन्य
- जितेंद्र तोमर : कानून विभाग
- सत्येंद्र जैन : स्वास्थ्य और उद्योग विभाग
- असीम अहमद खान: खाद्य आपूर्ति एवं अल्पसंख्यक मामलें
- संदीप कुमार : महिला एवं बाल कल्याण और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति
- गोपाल राय: परिवहन एवं श्रम विभाग
अरविंद केजरीवाल व्यक्ति के रूप में दिल्ली के 7वें और मुख्यमंत्री के कार्यकाल के रूप में 10वें मुख्यमंत्री हैं.

Comments
All Comments (0)
Join the conversation