बिहार में 15वीं विधानसभा के सभी 243 सीटों के चुनाव परिणाम 24 नवंबर 2010 को घोषित किए गए. इस चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने सवार्धिक 115 सीटों पर और इसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी ने 91 सीटों पर विजय दर्ज की. इस तरह नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड-भाजपा गठबंधन को 206 सीटों के साथ दो तिहाई बहुमत मिल गया. जनता दल यूनाइटेड ने 141 सीटों पर और भाजपा ने 102 सीटों पर चुनाव लड़ा था. पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 22 सीटें और इनके गठबंधन सहयोगी रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 3 सीटें मिली. कांग्रेस को 4 सीटें तथा अन्य को 6 सीटें मिली हैं. सभी वाम दलों ने इस बार आपस में तालमेल कर चुनाव लड़ा था, परन्तु केवल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) को 1 सीट पर विजय मिली. बेगूसराय जिले की बच्चवारा सीट पर सीपीआई के अवदेश कुमार ने जीत दर्ज की. झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी केवल एक ही सीट पर विजय मिली. बिहार के 15वीं विधानसभा के चुनाव में 32 सीटों पर महिलाओं ने जीत दर्ज की. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दो सीटों राघोपुर और सोनपुर से चुनाव लड़ी थीं, लेकिन दोनों ही सीटों पर वह हार गईं.
नीतीश कुमार ने इस चुनाव में विकास को बड़ा मुद्दा बनाया और महिलाओं के वोट को अपनी ओर खींचने की पूरी कोशिश की. नीतीश कुमार ने राज्यपाल से 14वीं बिहार विधानसभा को विघटित करने की अनुशंसा करने का निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री के पद से 24 नवंबर 2010 को इस्तीफ़ा दे दिया. 15वीं विधानसभा के लिए चुनाव छह चरणों में हुए. पहले चरण के लिए मतदान 21 अक्तूबर 2010 को जबकि अंतिम चरण के लिए मतदान 20 नवंबर 2010 को हुआ था.
सत्तारूढ़ गठबंधन के दो दलों में से जनता दल (यू) के 141 तथा भारतीय जनता पार्टी के 102 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. राष्ट्रीय जनता दल एवं लोक जनशक्ति पार्टी गठबंधन बनाकर चुनाव लड़े थे. जिसमें राष्ट्रीय जनता दल के 168 और लोक जनशक्ति पार्टी के 74 उम्मीदवार मैदान में थे. कांग्रेस सभी 243 सीटों पर तथा बहुजन समाज पार्टी ने 239 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे.
महत्त्वपूर्ण तथ्य
• बिहार पुनर्गठन अधिनियम 2000 के द्वारा बिहार विधानसभा की सीटें 345 से घटाकर 243 कर दी गई. इसी अधिनियम के द्वारा बिहार से अलग कर झारखंड राज्य की स्थापना की गई थी.
• बिहार विधानसभा चुनाव 2010 की कुल 243 सीटों में 38 सीट अनुसूचित जाति के लिए और 2 सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं.
• 15वीं विधानसभा के चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 55088402 थी.
• लगभग 2.9 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया जो कि कुल मतों का 52.65 प्रतिशत था. मतदान प्रतिशत 14वीं विधानसभा चुनाव के तुलना में में दस प्रतिशत अधिक रहा.
• इस विधान सभा में कुल 56943 मतदान केंद्र थे, तथा सभी केन्द्रों पर मतदान के लिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन का प्रयोग किया गया.
• इस चुनाव में कुल 3523 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जिसमें से 308 महिलाएं थीं. निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 1323 थी.
बिहार विधान सभा चुनाव 2010 और 2005 में राजनीतिक पार्टियों की स्थिति
राजनीतिक दल | 2010 | 2005 | वृद्धि/कमी |
जनता दल यूनाइटेड | 115 | 88 | +27 |
भारतीय जनता पार्टी | 91 | 55 | +36 |
राष्ट्रीय जनता दल | 22 | 54 | -32 |
लोक जनशक्ति पार्टी | 3 | 10 | -7 |
कांग्रेस | 4 | 9 | -5 |
अन्य | 8 | 27 | -19 |
Comments
All Comments (0)
Join the conversation