उत्तर प्रदेश का वह शहर, जहां सबसे साफ है हवा, इंदौर भी हुआ पीछे
यूपी में हर शहर की अपनी विशेषता है। इस कड़ी में यहां एक ऐसा शहर भी है, जो कि पूरे प्रदेश में सबसे साफ हवा वाला शहर कहलाता है। कौन-सा है यह शहर, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
उत्तर प्रदेश देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि अपनी विविध संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। भारत के इस राज्य के शहरों की अपनी-अपनी विशेषताएं हैं। इस कड़ी में यहां एक शहर ऐसा भी है, जो कि पूरे प्रदेश का सबसे साफ हवा वाला शहर है। कौन-सा है यह शहर, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
उत्तर प्रदेश का सबसे साफ हवा वाला शहर
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण (Swachh Vayu Survekshan) 2026 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश में वायु गुणवत्ता के मामले में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया था। इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में लखनऊ को 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश का सबसे स्वच्छ हवा वाला (नंबर-1) शहर घोषित किया गया है।
लखनऊ को मिले कितने अंक
स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत किए गए इस वायु गुणवत्ता सर्वेक्षण में लखनऊ ने 198 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया था। सबसे खास बात यह है कि लखनऊ ने लगातार कई सालों से देश के सबसे साफ शहर का खिताब जीतने वाले 'इंदौर' (197 अंक) को पीछे छोड़ते हुए यह टॉप स्थान हासिल किया था। इस श्रेणी में जबलपुर 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर था। साल 2024-25 के सर्वेक्षण में लखनऊ की रैंकिंग 15वीं थी।
यूपी के अन्य शहरों और वार्ड स्तर का प्रदर्शन
यूपी में सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि वार्ड स्तर पर भी लखनऊ का दबदबा रहा था। 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में लखनऊ के वार्ड नंबर-70 (पेपर मिल कॉलोनी) को देश का सबसे अच्छा वार्ड चुना गया था। 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों की लिस्ट में उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसमें आगरा (192 अंक) चौथे, गाजियाबाद (184 अंक) नौवें, कानपुर (183.2 अंक) 11वें और प्रयागराज (180 अंक) 13वें स्थान पर रहा था। वहीं, 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में फिरोजाबाद ने 195 अंकों के साथ दूसरा और झांसी ने 192.5 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया था।
पुरस्कार और सम्मान राशि
वायु गुणवत्ता सुधारने में किए गए प्रदर्शन के लिए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से लखनऊ नगर निगम को 1.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया था। इसके अलावा, पहले स्थान पर आने वाले लखनऊ के वार्ड-70 को 50 लाख रुपये और 10 हजार से 30 हजार आबादी वाले वार्डों में तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रयागराज के वार्ड 31 को 20 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया था।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.