ग्लेन मैक्सवेल ने वानखेड़े में इस देश के खिलाफ खेली थी करियर की सबसे बेहतरीन पारी, देखें टॉप 5 नॉक

Last Updated: Nov 3, 2026, 11:08 IST

आस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायमेंट की घोषणा कर दी है। मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज और बड़े-बड़े छक्कों से मैच का रुख बदलने की काबिलियत रखते थे। मैक्सवेल ने जून 2025 में ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

मैक्सवेल की टॉप-5 यादगार पारियां
मैक्सवेल की टॉप-5 यादगार पारियां

Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल ग्लेन मैक्सवेल अब इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर नहीं आएंगे। मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज, बड़े-बड़े छक्कों से मैच का रुख बदलने की काबिलियत के लिए पहचाने जाने वाले मैक्सवेल ने संन्यास का एलान कर दिया है। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ फर्स्ट क्लास और लिस्ट-A क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि, क्रिकेट प्रेमियों को उन्हें खेलते देखने का मौका मिलता रहेगा। वह बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेलना जारी रखेंगे। फ्रेंचाइजी ने उनका करार 2027-28 सीजन तक बढ़ाया है।

मैक्सवेल ने जून 2025 में ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने T20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का फैसला किया। साल 2026 के T20 विश्व कप में भी वह टीम का हिस्सा थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी। फरवरी में ओमान के खिलाफ खेला गया मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच बना।

करियर की सबसे यादगार पारी

ग्लेन मैक्सवेल के करियर की सबसे शानदार पारियों में 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 201 रन की पारी सबसे ऊपर आती है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के सामने 292 रन का लक्ष्य था। टीम ने 91 रन तक अपने सात विकेट गंवा दिए थे और हार लगभग तय मानी जा रही थी।

ऐसे समय में मैक्सवेल ने 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन बनाकर असंभव दिख रही जीत को हकीकत में बदल दिया। वह इस दौरान शरीर में तेज ऐंठन से भी जूझ रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने पैट कमिंस के साथ मिलकर मैच जिताऊ साझेदारी की।

मैक्सवेल की टॉप-5 यादगार पारियां

1. अफगानिस्तान के खिलाफ 201 रन (2023 वनडे WC)

मैक्सवेल ने 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन बनाए। 7 विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाकर उन्होंने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।

2. नीदरलैंड के खिलाफ 106 रन (2023 वनडे WC)

दिल्ली में मैक्सवेल ने सिर्फ 44 गेंदों पर 106 रन ठोक दिए थे। उन्होंने 40 गेंदों में शतक पूरा कर विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक बनाया।

3. इंग्लैंड के खिलाफ 108 रन (2020 वनडे सीरीज)

मैनचेस्टर में 90 गेंदों पर 108 रन की पारी खेलकर मैक्सवेल ने एलेक्स कैरी के साथ 212 रन की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को तीन विकेट से जीत दिलाई।

4. भारत के खिलाफ नाबाद 104 रन (2023 T20 सीरीज)

गुवाहाटी में मैक्सवेल ने 48 गेंदों पर नाबाद 104 रन बनाए। आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने 223 रन का लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई।

5. श्रीलंका के खिलाफ 102 रन (2015 वनडे विश्व कप)

सिडनी में मैक्सवेल ने 53 गेंदों पर 102 रन बनाए। यह उनका पहला इंटरनेशनल शतक था और उस समय किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का सबसे तेज विश्व कप शतक भी था।

ऐसा रहा मैक्सवेल का करियर

मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 130 T20 इंटरनेशनल मैचों में 2,897 रन बनाए और 51 विकेट भी हासिल किए। T20 इंटरनेशनल में उनके नाम 5 शतक हैं। वह रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

वहीं, टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 7 मैच खेले और 339 रन बनाए। भारत के खिलाफ रांची में लगाया गया 104 रन का शतक उनका सर्वोच्च टेस्ट स्कोर रहा।

12 रन बनाते ही ODI में इतिहास रच देंगे विराट कोहली, ये तीन रिकार्ड तोड़ने का सुनहरा मौका

Bagesh Yadav
Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.

... Read More
First Published: Nov 3, 2026, 11:08 IST

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News