दुनिया का सबसे लंबा अजगर, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
हाल ही में इंडोनेशिया में दुनिया का सबसे लंबा अजगर मिला है, जिसने सभी को हैरानी में डाल दिया है। अपनी लंबाई की वजह से इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि जीवित है, जिसे सैंक्चुअरी में संरक्षित रखा गया है।
आपने दुनिया के सबसे लंबे सांप वासुकी इंडिकस और टाइटनबोआ के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि हाल ही में दुनिया का सबसे लंबा अजगर मिला है। इस अजगर ने अपने आकार और लंबाई की वजह से दुनिया को हैरान कर दिया है। अपने आकार की वजह से इसे Guinness World Records में भी शामिल किया गया है। कहां मिला है यह सांप और कितनी है इस सांप की लंबाई, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
कहां मिला है सबसे लंबा अजगर
दुनिया में अब तक का सबसे लंबा अजगर इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के मारोस क्षेत्र में पाया गया है। दरअसल, यहां लोगों ने जंगली क्षेत्र में एक बड़े सांप को देखने की कॉल वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट में की थी, जिसके बाद रेस्क्यू के लिए पहुंची टीम को विशालकाय अजगर देखने को मिला।
कितना बड़ा है सांप
यह सांप रेटिकुलेटेड पायथन है, जो कि एक मादा है। टीम द्वारा औपचारिक रूप से इसकी लंबाई 7.22 मीटर दर्ज की गई है। यह अब तक प्रमाणित सबसे लंबे सांपों में से है। टीम द्वारा इस मादा अजगर का नाम ‘इबू बैरोन’ रखा गया है, जिसका अर्थ राजघराने की महिला होता है।
बिना एनेस्थिसिया के मांपी गई लंबाई
टीम ने सांप को बिना एनेस्थिसिया दिया लंबाई मापी है। क्योंकि, यदि सांप को एनेस्थिसिया दिया जाता, तो उसकी जान को जोखिम हो सकता था। टीम का कहना है कि यदि सांप को आराम की अवस्था में मापा जाता, तो इसकी लंबाई और अधिक हो सकती थी।
कितना है सांप का वजन
सांप का वजन लगभग 96 किलोग्राम है। हालांकि, यह वजन सांप के खाली पेट लिया गया है। यदि सांप ने कुछ खा रखा होता, तो यह वजन 100 या इससे अधिक भी हो सकता था।
सांप को कहा रखा गया है
विशालकाय अजगर को सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए मारोस काउंटी के बुंदी पुरवांटो के एक निजी सैंक्चुअरी में रखा गया है। लोगों द्वारा इतने बड़े सांपों को डर की वजह से मार दिया जाता है, लेकिन टीम द्वारा रेस्क्यू करने की वजह से इस सांप को बचा लिया गया है।
1999 में मिला था सबसे लंबा अजगर
इससे पहले अब तक का सबसे लंबा अजगर बोर्नियो में 1999 में मिला था, जो कि 6.9 मीटर का था। यह दस्तावेजों में दर्ज सबसे लंबे अजगरों में से एक था। इसके 27 साल बाद अब इबू बैरोन ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
लोगों और वन्यजीवों का टकराव
बीते कुछ वर्षों में वन्यजीवों के इंसानी बस्तियों के बीच पहुंचने की घटनाओं में तेजी हुई है। इसकी प्रमुख वजह इस प्रकार हैंः
-
तेजी से जंगलों को काटा जा रहा है, जिससे वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास कम हो रहा है और वे इंसानी बस्तियों के करीब हो रहे हैं।
-
जंगलों में वन्यजीवों के लिए भोजन और पानी की कमी हो रही है, जिससे वन्यजीव इंसानों के बीच पहुंच रहे हैं।
-
पेड़, इंसानी बस्ती और जानवरों के बीच एक बफर जोन का काम करते हैं, लेकिन पेड़ों की कटाई की वजह से यह जोन खत्म हो रहा है, जिससे वन्यजीव सीधा शहरों में पहुंच जाते हैं।
पढ़ेः दुनिया का सबसे बड़ा सांप कौन-सा है, यहां जानें
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.