Shark Tank: आपने शार्क टैंक सीजन 2 में नए जज अमित जैन को देखा होगा, जो अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। अमित जैन सीजन 2 में भारत पे के फाउंडर अश्नीर ग्रोवर की जगह आये हैं और सबसे अमीर भी हैं। आज हम इस लेख के माध्यम से आपको अमित जैन की कहानी बताने जा रहे हैं कि आखिर कैसे उन्होंने अपने स्टार्टअप को खड़ा किया और क्या परेशानी हुई।
अमित का परिचय
अमित जैन मूलरूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जेवियर स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए तैयारी की और आईआईटी दिल्ली से अपनी बीटेक की डिग्री पूरी की। परिवार में पत्नी पिहु जैन और बच्चे हैं।
2000 में एक सॉफ्टवेयर कंपनी ज्वाइन की
अमित की इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें एक सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी मिल गई थी। यहां उन्होंने कई सालों तक काम किया। इस कंपनी में उन्हें अच्छे पैकेज में पर नौकरी मिली थी।
2006 में नौकरी छोड़ वापस घर आ गए
अमित की नौकरी सही चल रही थी। इस बीच 2006 में पिताजी की तबियत बिगड़ गई, तो वह नौकरी छोड़कर घर आ गए। वहीं, उनके भाई अनुराग जैन भी नौकरी छोड़कर जयपुर आ गए थे। यहां दोनों भाई मिलकर अपने पिताजी का ध्यान रखते थे। यही से उन्होंने अपने गैराज में गिरनार सॉफ्ट कंपनी खोली थी, जो कि उनका पहला स्टार्टअप था।
2008 में ऑटो एक्सपो से आया स्टार्टअप का आइडिया
2008 में अमित अपने भाई के साथ नई दिल्ली में हुए ऑटो एक्सपो देखने पहुंचे थे। वह इससे इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने एक वेबसाइट शुरू करने का निर्णय लिया, जिसपर लोग नई और पुरानी कार के बारे में जानकारी ले सके। यहीं से दोनों भाईयों ने मिलकर कारदेखो डॉट कॉम की नींव रखी थी।
2015 में कंपनी ने पकड़ी रफ्तार
साल 2015 में कंपनी ने रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी कंपनी ने कॉलेज देखो, बाइक देखो, इश्योरेंस देखो डॉट कॉम जैसी कंपनियों खोली। इसके साथ ही दूसरी कंपनियों को भी खरीदना शुरू किया। इससे पहले साल 2013 में एक अमेरिकन कंपनी से उनकी कंपनी को फंडिग भी मिली थी। वहीं, साल
2016 में बंगलुरू में हुए एक इंवेंट सर्ज में अमित जैन ने हिस्सा लिया था। इसके बाद वह 2022 में शार्क टैंक में बतौर जज के रूप में देखे जा रहे हैं। आपको यह भी बता दें कि शार्ट टैंक सीजन 2 में शामिल सभी जज में से अमित जैन की नेट वर्थ सबसे अधिक है। अमित जैन की कुल संपत्ति 2900 करोड़ रुपये से अधिक की बताई जाती है, जबकि बाकी जज की कुल संपत्ति का आंकड़ा 200 से 600 करोड़ रुपये तक है।
पढ़ेंः Indian Railway: भारत की पहली Hydrogen Train किस तकनीक पर है आधारित और कितनी पड़ेगी महंगी, जानें