शायर निदा फाजली ने कहा है, जो बीत गया है, वो गुजर क्यों नहीं जाता..। जिस साल की उम्र सिर्फ एक दिन बाकी है, वह बीत तो जाएगा, लेकिन गुजरेगा नहीं। क्योंकि उसकी मधुरता और कसक यादों में ही सही, पर सांस लेगी। इस साल ने हमें क्या दिया और क्या छीना, पेश है लेखा-जोखा..
व्यक्तित्व
ए.आर. रहमान
हॉॅलीवुड के निर्माता-निर्देशक की मुंबई की झुग्गी-बस्ती की कहानी पर बनी फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के लिए रहमान ने इस साल एक-एक गोल्डन ग्लोब व बाफ्टा पुरस्कार तथा एक साथ दो ऑस्कर पुरस्कार हासिल किए। 81वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह में इस फिल्म ने कुल 8 पुरस्कारों पर कब्जा किया था, जिनमें से रहमान ने सर्वश्रेष्ठ मौलिक संगीत के लिए और दूसरा सर्वश्रेष्ठ गीत के लिए गुलजार के साथ संयुक्त रूप से जीता। उनके गीत के बोल जय हो तो राष्ट्रीय नारा ही बन गया। देश के लिए पहली बार ऑस्कर भानू अथैया ने गांधी फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग के लिए पाया था, जबकि गोल्डन ग्लोब व बाफ्टा जीतने वाले रहमान पहले भारतीय बने।
दीप जोशी
भारत में निर्धनों के कल्याण के लिए काम कर रहे एक गैर सरकारी संगठन के संस्थापक दीप जोशी को इस साल के रैमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रैमन मैग्सेसे की स्मृति में दिया जाने वाला यह पुरस्कार एशिया का नोबेल कहा जाता है। जोशी को लोक सेवा के वर्ग में यह सम्मान दिया गया।
युगरत्ना श्रीवास्तव
लखनऊ की 13 वर्षीया छात्रा युगरत्ना श्रीवास्तव संयुक्त राष्ट्र में जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर भाषण देकर हर ओर चर्चा का विषय बन गई। दुनिया भर के 3 अरब बच्चों की प्रतिनिधि के रूप में युगरत्ना ने विश्व के नेताओं से धरती को बचाने का अनुरोध कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
जाकिर हुसैन
मशहूर तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन ने संगीत जगत का प्रतिष्ठित ग्रैमी पुरस्कार दूसरी बार हासिल किया। एक रॉक बैंड के साथ उन्होंने ग्लोबल ड्रम प्रोजेक्ट नामक एलबम बनाया था, जिसके लिए उन्हें समकालीन विश्व संगीत एलबम श्रेणी में यह पुरस्कार मिला। इससे पहले 1991 में प्लैनेट ड्रम एलबम के लिए उन्हें पहली बार यह पुरस्कार विश्व संगीत की ही श्रेणी में संयुक्त रूप से मिला था।
प्रतिभा पाटिल
देश की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने 74 वर्ष की आयु में लडाकू विमान सुखोई में उडान भरकर इतिहास रचा। वह दुनिया के किसी भी देश की पहली महिला राष्ट्रप्रमुख हैं, जिन्होंने युद्धक विमान की सवारी की। युद्धक विमान में उडान का अनुभव लेने वाली वह भारत की दूसरी राष्ट्रपति हैं। उनसे पहले एपीजे अब्दुल कलाम सुखोई की सवारी कर चुके हैं।
मीरा कुमार
3 जून को मीरा कुमार लोकसभा की पहली महिला स्पीकर चुनी गईं। 64 वर्षीय मीरा कुमार का चुनाव निर्विरोध हुआ। पांच बार सांसद चुनी गईं मीरा कुमार पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की सुपुत्री हैं।
पिंकी
सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र का ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाली फिल्म स्माइल पिंकी मिर्जापुर के एक गांव की 9 साल की लडकी पिंकी के जीवन पर आधारित थी। उत्तर प्रदेश के रामपुर डबोही गांव की पिंकी ने कटे होंठ व तालू के साथ जन्म लिया था। 39 मिनट की अवधि वाले इस वृत्तचित्र में उसके उपचार और उसके चेहरे पर मुस्कुराहट पैदा करने की कहानी दिखाई गई थी।
निधन
माइकल जैक्सन
पॉप संगीत के सम्राट कहे जाने वाले विख्यात अमेरिकी कलाकार माइकल जैक्सन (50) ने 25 जून को दुनिया को अलविदा कह दिया। 1982 में आया उनका एलबम थ्रिलर अब तक का सबसे ज्यादा बिकने वाला एलबम है। 13 ग्रैमी अवॉर्ड्स जीतने के साथ तीन दशकों से अधिक समय तक वह संगीत जगत में छाए रहे।
हबीब तनवीर
प्रख्यात रंगकर्मी हबीब तनवीर (85) का 8 जून को निधन हुआ। पत्रकारिता से करियर की शुरुआत करने वाले तनवीर उत्कृष्ट नाटक लेखन, अभिनय और निर्देशन के साथ भारतीय रंगमंच जगत में किवदंती बन गए थे। आगरा बाजार, चरणदास चोर और पोंगा पंडित उनके सबसे लोकप्रिय नाटक रहे।
गायत्री देवी
अपनी अप्रतिम सुंदरता के लिए जानी जाने वालीं जयपुर की राजमाता गायत्री देवी (90) का 29 जुलाई को निधन हुआ। वह महाराज सवाई मानंिसंह द्वितीय की तीसरी पत्नी थीं। सी. राजगोपालाचारी की स्वतंत्र पार्टी से वह तीन बार लोकसभा सांसद भी रही थीं। अमेरिका की वोग पत्रिका ने उन्हें विश्व की दस सबसे सुंदर महिलाओं में गिना था।
गंगूबाई हंगल
हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की सुप्रसिद्ध गायिका गंगूबाई हंगल (96) के 21 जुलाई को निधन से संगीत जगत में सूनापन छा गया। संगीत के तमाम पुरस्कारों सहित उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
वाई. एस. राजशेखर रेड्डी
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी (60) की 2 सितंबर को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई मृत्यु ने पूरे आंध्र को गमगीन कर दिया। वाईएसआर के नाम से मशहूर रेड्डी आंध्र के बेहद लोकप्रिय नेता थे।
प्रभाष जोशी
प्रख्यात पत्रकार प्रभाष जोशी (72) का 5 नवंबर को अवसान हो गया। क्रिकेट पर अपने लेखों के लिए वह बहुत प्रसिद्ध थे।
राजसिंह डूंगरपुर
चर्चित क्रिकेट प्रशासक और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राजसिंह डूंगरपुर (73) का 12 सितंबर को निधन हुआ। वह राजस्थान के डूंगरपुर के शाही परिवार से संबंधित थे।
नॉर्मन बोरलॉग
नोबेल से सम्मानित अमेरिकी कृषि वैज्ञानिक नॉर्मन बोरलॉग (95) ने 12 सितंबर को दुनिया को अलविदा कह दिया। दुनिया भर में खाद्य उत्पादन बढाने और हरित क्रांति को जन्म देने वाले बोरलॉग ही थे। भारत के विकास में महती भूमिका निभाने के लिए उन्हें वर्ष 2006 में दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण प्रदान किया गया। वर्ष 1970 में उन्हें शांति का नोबेल दिया गया था।
फिरोज खान
हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता व निर्माता-निर्देशक फिरोज खान (69) का 27 अप्रैल को निधन हुआ। उन्हें उनकी अलग तरह की और काउबॉय प्रेरित स्टाइल के लिए जाना जाता था।
नियुक्तियां
निरुपमा राव
चीन में भारत की राजदूत निरुपमा राव देश की नई विदेश सचिव बनाई गईं। वह 1973 बैच की आईएफएस अधिकारी हैं। चोकिला अय्यर के बाद इस पद पर नियुक्त होने वाली राव दूसरी महिला हैं।
के. राधाकृष्णन
विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक के. राधाकृष्णन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नए अध्यक्ष बने।
पी. वी. नाइक
एयर चीफ मार्शल प्रदीप वसंत नाइक 31 मई को भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख बने। उन्होंने फाली होमी मेजर की जगह यह पद संभाला। वह देश के 19वें वायुसेना प्रमुख बने।
मोहन भागवत
58 वर्षीय मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नए सरसंघचालक बने। संघ के 84 वर्र्षो के इतिहास में इस पद पर आसीन होने वाले वह छठे व्यक्ति हैं।
निर्मल कुमार वर्मा
वाइस एडमिरल निर्मल कुमार वर्मा 31 अगस्त को देश के नए नौसेना प्रमुख नियुक्त हुए। उन्होंने सेवानिवृत्त हुए एडमिरल सुरीश मेहता से यह पदभार ग्रहण किया।
युकियो अमानो
जापान के 62 वर्षीय राजनयिक युकियो अमानो अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के नए महानिदेशक बने। 1957 में आईएईए की स्थापना के बाद पहली बार किसी एशियाई को इसका प्रमुख नियुक्त किया गया। अमानो एजेंसी के पांचवें महानिदेशक बने।
नंदन नीलकेणी
सरकार ने इंफोसिस टेक्नोलॉजिज के सहसंस्थापक नंदन नीलकेणी को यूनीक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया का अध्यक्ष बनाया। सरकार ने देश के सभी नागरिकों को विशिष्ट पहचान संख्या उपलब्ध कराने की योजना बनाई है, जिसके अंतर्गत यूआईडी प्राधिकरण का गठन किया गया। आंतरिक सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए इस प्राधिकरण के द्वारा देश की एक अरब जनता का डाटाबेस तैयार किया जाना है। इसके आधार पर प्रत्येक नागरिक को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान की जाएगी और नागरिक की पूरी जानकारी सरकार के पास रहेगी।
मीरा शंकर
जर्मनी में भारत की राजदूत रहीं मीरा शंकर को अमेरिका में भारत का नया राजदूत बनाया गया। उन्होंने रोनेन सेन का स्थान लिया। वह अमेरिका में भारत की दूसरी महिला राजदूत हैं। इससे पहले 1949-51 के दौरान विजयलक्ष्मी पंडित इस पद पर रही थीं।
पुरस्कार
दादा साहेब फाल्के पुरस्कार
गुजरे जमाने के बेहतरीन पार्श्वगायक मन्ना डे को वर्ष 2007 के प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है।
पद्म पुरस्कार
इस वर्ष कुल 133 हस्तियों को पद्म अलंकरणों से सम्मानित किया गया। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से इस वर्ष किसी को सम्मानित करने की घोषणा नहींहुई। सम्मानित होने वालों में प्रमुख नाम थे- (पद्म विभूषण) विजेता सुंदर लाल बहुगुणा, पर्यावरण संरक्षण; डॉ. अनिल काकोदकर, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग; जी. माधवन नायर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, (पद्म भूषण विजेता) शेखर गुप्ता, पत्रकार, डॉ. इशर जज अहलूवालिया, साहित्य और शिक्षा; कुंवर नारायण, साहित्य और शिक्षा; ले. जनरल (सेवानिवृत्त) सतीश नांबियार, राष्ट्रीय सुरक्षा मामले; सैम पित्रोदा, विज्ञान और इंजीनियरिंग; प्रो. डॉ. सर्वज्ञ सिंह कटियार, विज्ञान और इंजीनियरिंग; अभिनव बिंद्रा, खेल और (पद्मश्री विजेता)ऐश्वर्या राय बच्चन, अक्षय कुमार, हेलेन खान, पं. हृदयनाथ मंगेशकर, उदित नारायण, कुमार सानू भट्टाचार्जी, अमीन सयानी, अभय छजलानी, आलोक मेहता, साहित्य और शिक्षा-लक्ष्मण बापू माने, डॉ. पी. सदगोपन, चिकित्सा- डॉ. अशोक के. वैद्य, बलबीर सिंह खुल्लर, खेल- हरभजन सिंह, महेंद्र सिंह धौनी, पकंज आडवाणी आदि।
ऑस्कर पुरस्कार
81वें ऑस्कर पुरस्कारों में स्लमडॉग मिलियनेयर की धूम रही। फिल्म ने कुल आठ श्रेणियों में पुरस्कार जीते थे।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म: स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: डैनी बॉयल, स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: सीन पेन, मिल्क
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: केट विंस्लेट, द रीडर
सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेता: हीथ लेजर, द डार्क नाइट
सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेत्री: पेनेलोप क्रूज, विकी क्रिस्टीना बार्सिलोना सर्वश्रेष्ठ मौलिक संगीत: ए.आर. रहमान, स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ मौलिक गीत: ए.आर. रहमान व गुलजार, स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ ध्वनि मिश्रण: रेसुल पूकुट्टी, इयान टैप व रिचर्ड प्राइक, स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा: साइमन ब्यूफोय, स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ फिल्म संपादन: क्रिस डिकंस, स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी: स्लमडॉग मिलियनेयर
सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र: स्माइल पिंकी
सर्वश्रेष्ठ एनीमेटेड विदेशी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म: डिपार्चर्स (जापान)
Comments
All Comments (0)
Join the conversation