8th Pay Commission: बेंगलुरु में अहम बैठक, वेतन-फिटमेंट फैक्टर से लेकर पेंशन तक, जानें ताजा अपडेट
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग की बेंगलुरु में 7-8 अक्टूबर को बैठक आयोजित की जा रही है। जहां फिटमेंट फैक्टर, वेतन, भत्ते, पेंशन और आयोग की रिपोर्ट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
8th Pay Commission Latest Update: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर इन दिनों 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की गतिविधियों पर टिकी हुई है। इसी कड़ी में आयोग आज 7 अक्टूबर से बेंगलुरु में दो दिवसीय बैठक कर रहा है। आयोग की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अगुवाई वाला तीन सदस्यीय पैनल विभिन्न कर्मचारी संगठनों और यूनियनों से बात करेगा।
ऐसे में माना जा रहा है कि इन बैठकों में वेतन, फिटमेंट फैक्टर, भत्ते, पेंशन और सर्विस टर्म्स से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। चलिए इस खबर पर विस्तार से नज़र डालते हैं।
7 और 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में बैठक
8वें वेतन आयोग ने 24 अगस्त को जारी अधिसूचना में बेंगलुरु में 7 और 8 अक्टूबर को बैठक का कार्यक्रम बताया था। आयोग ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों से जुड़े संगठनों, संस्थानों, एसोसिएशन और यूनियनों से बातचीत के लिए आवेदन मांगे थे।
जो संगठन आयोग के सामने अपनी बात रखना चाहते थे, उन्हें निर्धारित लिंक के जरिए अपॉइंटमेंट का अनुरोध भेजना था। इसके लिए उन्हें आयोग के पास अपना मेमोरेंडम जमा करने के बाद मिले ‘यूनिक मेमो आईडी’ की जानकारी भी देनी थी।
मुंबई में भी होगी हितधारकों के साथ बैठक
बेंगलुरु के बाद आयोग का यह परामर्श अभियान आगे भी जारी रहेगा। आयोग की ओर से 22 अक्टूबर से मुंबई में बैठकें आयोजित करने की जानकारी दी गई है।
दरअसल, देश के अलग-अलग हिस्सों में बैठक करने का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा पात्र कर्मचारी संगठनों और प्रतिनिधियों को अपनी बात आयोग के सामने रखने का अवसर देना है।
कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है यह प्रक्रिया?
8वें वेतन आयोग की बैठकों को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कर्मचारी संगठन अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे आयोग के सामने रख सकते हैं। सैलरी में बदलाव के अलावा फिटमेंट फैक्टर, विभिन्न भत्तों, पेंशन और सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिनिधि अपनी राय और सुझाव दे सकते हैं।
फिटमेंट फैक्टर को लेकर क्या स्थिति है?
फिटमेंट फैक्टर 8वें वेतन आयोग से जुड़े सबसे ज्यादा चर्चा वाले मुद्दों में से एक है। कर्मचारी संगठनों के बीच इसे लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आते रहे हैं। लेकिन जब तक आयोग अपनी सिफारिश नहीं देता और सरकार उस पर फैसला नहीं करती, तब तक किसी भी संख्या को आधिकारिक फिटमेंट फैक्टर मानना सही नहीं होगा।
यानी फिलहाल सामने आने वाले आंकड़े केवल मांग या प्रस्ताव हैं, अंतिम निर्णय नहीं।
कब आ सकती है 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?
8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था। इसके बाद से आयोग लगातार अलग-अलग हितधारकों से सुझाव और जानकारी जुटा रहा है। मौजूदा अनुमान के अनुसार आयोग मई-जून 2027 तक अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप सकता है।
इसलिए फिलहाल कर्मचारियों और पेंशनर्स को किसी भी दावे के बजाय आयोग और सरकार की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए। रिपोर्ट आने और सरकार की मंजूरी के बाद ही वेतन, फिटमेंट फैक्टर, भत्तों और पेंशन में होने वाले बदलाव की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में हुई देरी तो मिलेगा कितना एरियर? देखें पूरी कैलकुलेशन
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.