जानें विदेशियों को कौन से भारतीय शहरों ने अधिक लुभाया

समृद्ध इतिहास से परिपूर्ण भारत को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी पहुंचते हैं। विदेशी यहां की सांस्कृतिक विविधता और इसकी सुंदरता को इतने पसंद करते हैं कि अपने साथ यहां की तस्वीरों को कैद कर अपने देशों में दिखाते हैं। भारत में उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक बसे विभिन्न राज्यों की अलग-अलग संस्कृति ही भारत को अलग बनाती है। हाल ही में पर्यटन मंत्रालय ने साल 2021 की पर्यटन को लेकर तैयार की गई एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि कौन-कौन से शहरों में सबसे अधिक विदेशी पहुंचे हैं, तो आइये इस लेख के माध्यम से जानते हैं रिपोर्ट के बारे में।
यह हैं भारत के आठ शहर, जिन्हें विदेशियों ने किया पसंद
रैंकिंग 8ः कोलकाता
विदेशी पर्यटकः 43506
कोलकाता भारत का प्रमुख शहर है। यह पश्चिम बंगाल राज्य की राजधानी भी है। इस शहर की गिनती भारत के प्रमुख महानगरों में भी की जाती है। कोलकाता शहर हुगली नदी के पूर्वी किनारे पर बसा हुआ शहर है और यह बांग्लादेश की सीमा से 80 किलोमीटर दूर है। इस शहर का विकास अंग्रेजों एवं फ्रांस के उपनिवेशवाद के इतिहास से जुड़ा हुआ है। कोलकाता को आनंद का शहर भी कहा जाता है।
कोलकाता के प्रमुख पर्यटन स्थलः
-हावड़ा पुल
-अजायबघर
-चिड़ियाघर
-तारामंडल
-फोर्ट विलियम
-विज्ञान नगरी
-कालीघाट
रैंकिंग 7ः कोचीन
विदेशी पर्यटनः 60540
कोचीन केरल में पर्यटन के लिहाज से प्रमुख शहर है। यह एर्नाकुलम जिले में स्थित है। यहां पर्यटक मसालों की खरीदारी के लिए भी पहुंचते हैं। इस शहर को अरब सागर की रानी के नाम से जाना जाता है। पहले कभी यहां कभी पुर्तगाली राज करते थे। यहां के प्रमुख आकर्षण स्थलों की बात करें तो महल बेशन बंगला, डच महल व बोलघाट्टी समेत अन्य प्रमुख पर्यटन स्थल हैं।
कोचीन के प्रमुख पर्यटन स्थलः
-बोलघाट्टी महल
-बेशन बंगला
-मरीन ड्राइव
-चेराई बीच
-डच महल
-हिल महल
-परीक्षित थंपुरान संग्रहालय
-कालाडी
रैंकिंग 6ः हैदराबाद
विदेशी पर्यटकः 86249
तेलंगाना राज्य की राजधानी हैदराबाद नगर दक्कन के पठार मूसी नदी के किनारे बसा हुआ है। हैदराबाद को निजाम का शहर कहने के साथ मोतियों का भी शहर कहा जाता है। यहां के मनोरम दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इस शहर को स्मार्ट शहर भी कहा जाता है। आपको बता दें कि यहां का तेलुगु फिल्म उद्योग देश का दूसरा सबसे बड़ा फिल्म निर्माता उद्योग भी है। इस खूबसूरत शहर को कुतुबशाही परंपरा के पांचवे शासक मुहम्मद कुली कुतुबशाह ने अपनी प्रेमिका भागमती को उपहार स्वरूप भेंट किया था।
हैदराबाद में पर्यटन के प्रमुख स्थलः
-फलकनुमा पैलेस
-गोलकुंडा किला
-सलारजंग संग्रहालय
-चिलकुर बालाजी
-कमल सरोवर
-चार मीनार
-लाड बाजार
रैंकिंग 5ः बंगलुरू
विदेशी पर्यटकः 102629
कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू का मौसम पूरे साल सुहाना रहता है। इस शहर को आईटी हब के रूप में सिलिकॉन वैली व आईटी राजधानी के रूप में भी जाना जाता है। यहां के इतिहास की बात करें तो पहले यहां गंग वंश का राज था। बाद में चोल वंश ने यहां राज किया, फिर होयसल राजवंश का अधिकार रहा। वहीं, समय के साथ-साथ शाहजी भोसले, हैदर अली व टीपू सुल्तान की भी यहां सल्तनत रही। आजादी से पहले यहां अंग्रेजों ने भी राज किया था।
बंगलुरू में घूमने वाले प्रमुख पर्यटन स्थलः
-इस्कॉन मंदिर
-टीपू पैलेस
-वैंकटप्पा चित्रशाला
-बसवनगुड़ी मंदिर
-शिव मंदिर
-बंगलुरू महल
-विधान सौधा
-लाल बाग
-कब्बन पार्क
रैंकिंग 4ः चेन्नई
विदेशी पर्यटकः 120197
चेन्नई दक्षिण भारत का प्रमुख शहर है। जो अपने व्यंजनों, सांस्कृतिक, आर्थिक और शैक्षणिक कारकों की वजह से जाना जाता है। चेन्नई को पूर्व में मद्रास नाम से जाना जाता था। यह शहर तमिलनाडु राज्य की राजधानी है। यहां के इतिहास की बात करें तो यह दक्षिण भारत के राजवंशों यानि पल्लव, चोल व पांड्य समेत अन्य राजाओं का केंद्र बिंदु रहा है। आपको बता दें कि मयलापुर नगर चेन्नई का हिस्सा है, जो कि पल्लवों के जमाने में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह था।
चेन्नई में पर्यटन के प्रमुख स्थानः
-कपिलेश्वर
-पार्थसारथी मंदिर
-अजायबघर
-मद्रास विश्वविद्यालय
-चेपॉक महल
-सेंट जॉर्ज किला
-मरीना बीच
रैंकिंग 3ः हरिदासपुर
विदेशी पर्यटकः 133371
हरिदासपुर पश्चिम बंगाल में स्थित कोलकाता से करीब 200 किलोमीटर दूर बसा है। यह शहर बांग्लादेश सीमा के बहुत करीबी शहर के रूप में भी जाना जाता है। एक रिपोर्ट से मुताबिक, बांग्लादेश से यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसकी प्रमुख वजह सस्ता इलाज बताया जाता है। वहीं, बस के माध्यम से कोलकाता से बांग्लादेश के ढाका जाते हुए यह प्रमुख रूप से रास्ते में आने वाली जगह है।
हरिदासपुर के आसपास घूमने वाले क्षेत्र
-दक्षिनेश्वर कली मंदिर
-बिश्नुपुर
-दीघा
-विकटोरिया मेमोरियल
रैंकिंग 2ः मुंबई
विदेशी पर्यटकः 212428
मुंबई को फिल्म नगरी के रूप में भी जाना जाता है। आर्थिक दृष्टि से प्रमुख यह शहर महाराष्ट्र राज्य में है। मुंबई का पुराना नाम बांबे हुआ करता था। यह भारत का वाणिज्यिक केंद्र भी है। मुंबई की रात की रौनक, समुद्र का किनारा व फिल्मी दुनिया यहां आकर्षण का केंद्र है। यहां गेटवे ऑफ इंडिया, ताज होटल, चौपाटी और जुहू बीच व सिद्धीविनायक मंदिर लोगों के आकर्षण का केंद्र है।
मुंबई के प्रमुख पर्यटन स्थल
-जुहू और चौपाटी बीच
-ताज होटल
-संजय गांधी नेशनल पार्क
-हाजी अली
-नेहरू प्लेनेटेरियम
-वीरमाता जीजाबाई भोसले चिड़ियाघर
-गेटवे ऑफ इंडिया
-सिद्धीविनायक मंदिर
-आरबीआई मॉनिटरी म्यूजियम
-छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय
टॉप आठ शहरों की रैंकिंग देखने के लिए यहां क्लिक करें
रैंकिंग 1ः दिल्ली
विदेशी पर्यटक: 60,6238
दिल्ली को देश का दिल कहा जाता है। पूरे देश के लोकतंत्र का केंद्र दिल्ली ही है। देश को चलाने के लिए नीति को तैयार करने से लेकर अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया यही से होती है। दिल्ली भारत की राष्ट्रीय राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश है। दिल्ली का इतिहास और यहां की खूबसूरती निहारने के लिए हर साल बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी यहां आते हैं। बड़ी संख्या में विदेशी सैलानियों के यहां पहुंचने पर साल 2021 में पर्यटन विभाग ने इसे पहले पायदान पर जगह दी है। यहां के प्रमुख स्थलों में इंडिया गेट, चांदनी चौक, लाल किला, कुतुब मीनार, लोधी गार्डन, हुमायूं का मकबरा समेत अन्य पर्यटन स्थल हैं।
दिल्ली के कुछ प्रसिद्ध स्थान इस प्रकार हैं:
- स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर
- हुमायूं का मकबरा
- लोधी गार्डन
- कुतुब मीनार
- गांधी स्मृति और राज घाट
- इंडिया गेट
- लाल किला
- जामा मस्जिद
- चांदनी चौक
- लोटस टेम्पल
-इंडिया गेट
-कनॉट प्लेस
Disclaimer: इससे पूर्व लेख में लिया गया डाटा 2016 की रिपोर्ट पर आधारित था, जिसे अब 2021 की रिपोर्ट से अपडेट किया गया है।