हरियाणा उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों में शामिल है, जो कि अपनी विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए जाना जाता है। भारत का यह राज्य गौरवशाली और समृद्ध इतिहास के लिए भी विश्वविख्यात है। आपने हरियाणा के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा, जो कि अपनी अलग-अलग विशेषताओं के लिए जाने जाते हैं।
पढ़ाई-लिखाई के मामले में हरियाणा भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि हरियाणा का न्यूनतम पुरुष साक्षरता वाला जिला कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
कब बना हरियाणा राज्य
हरियाणा राज्य का गठन 1 नवंबर, 1966 को हुआ था। उस समय पंजाब से अलग कर 17वें राज्य के रूप में इस राज्य का गठन किया गया था। वहीं, पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ है। साल 2011 में यहां की जनसंख्या 253,51,462 दर्ज की गई थी, हालांकि अब यह आंकड़ा बढ़ गया है।
हरियाणा में कुल जिले और मंडल
हरियाणा राज्य कुल 44,212 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जिसमें कुल 22 जिले आते हैं। ये जिले कुल 6 मंडलों का हिस्सा हैं, जिनमें कुल 73 उपमंडल हैं। वहीं, इन मंडलों में हमें कुल 97 तहसील देखने को मिलती हैं। यहां कुल नगर निगम की बात करें, तो इनकी संख्या 10 है। यहां कुल 10 लोक सभा सीटें और 5 राज्य सभा सीटें हैं। इसके अतिरिक्त यहां 91 विधानसभा सीटें हैं।
हरियाणा का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
हरियाणा के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह सिरसा है। यह जिला कुल 4276 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। वहीं, सबसे छोटा जिला फरीदाबाद है, जो कि कुल 742.9 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।
हरियाणा के चार दिशाओं के चार जिले
हरियाणा का सबसे उत्तरी जिला पंचकूला है। वहीं, सबसे पश्चिमी जिला सिरसा, सबसे पूर्वी जिला यमुनानगर और सबसे दक्षिणी जिला नूंह है।
हरियाणा की कुल साक्षरता दर
साल 2011 में यहां की साक्षरता दर की 75.5 फीसदी दर्ज की गई थी। इसमें पुरुषों की साक्षरता दर 84.06 फीसदी और महिलाओं की 65.9 फीसदी साक्षरता दर दर्ज की गई थी।
किस जिले में हैं सबसे कम पुरुष साक्षर
हरियाणा का न्यूनतम पुरुष साक्षरता वाला जिला नूंह है। साल 2011 में यहां की पुरुष साक्षरता दर 69.9 फीसदी दर्ज की गई थी।
पढ़ेंः हरियाणा का सर्वाधिक पुरुष साक्षरता वाला जिला कौन-सा है, यहां जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation