उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। इसके साथ ही यह राज्य अपनी विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए जाना जाता है। भारत का यह राज्य देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।
यहां प्रत्येक जिले में आपको मुख्यालय भी देखने को मिल जाएगा, जिससे पूरे जिले की प्रशासन व्यवस्था संभाली जाती है। इन जिलों के मुख्यालय अमूमन उन जिलों के शहर के नाम पर ही हैं। हालांकि, कुछ जिले ऐसे भी हैं, जिनके मुख्यालय अलग नाम से हैं। मसलन, संत कबीरनगर जिले का मुख्यालय खलीलाबाद है। ऐसे में इस लेख में हम प्रदेश के उन जिलों के बारे में जानेंगे कि जिनके मुख्यालय अलग-अलग नामों से है।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले
उत्तर प्रदेश में कुल जिलों की बात करें, तो इनकी संख्या 75 है, जो कि 18 मंडलों में विभाजित हैं। ये मंडल चार संभागों में विभाजित हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में कुल 75 जिला पंचायत, 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत, 200 नगर पालिका परिषद्, 17 नगर निगम, 351 तहसील, 826 सामुदायिक विकास खंड, 915 शहर और एक लाख से अधिक गांव मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह लखीमपुर खीरी है, जो कि 7680 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इसके बाद सोनभद्र, हरदोई और सीतापुर है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में है।
उत्तर प्रदेश के चार दिशाओं के चार जिले
उत्तर प्रदेश के सबसे पूर्वी जिले की बात करें, तो यह बलिया है। वहीं, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर, सबसे दक्षिणी जिला सोनभद्र और सबसे पश्चिमी जिला शामली है।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख जिले व उनके मुख्यालय
जिला | मुख्यालय |
अमेठी | गौरीगंज |
संत कबीर नगर | खलीलाबाद |
कौशांबी | मंझनपुर |
अंबेडकर नगर | अकबरपुर |
कुशीनगर | पडरौना |
कानपुर देहात | अकबरपुर माटी |
सिद्धार्थ नगर | नौगढ़ |
सोनभद्र | रॉबर्ट्सगंज |
जालौन | उरई |
फर्रूखाबाद | फतेहगढ़ |
संभल | बहजोई |
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस लिस्ट में केवल उन मुख्यालयों का जिक्र किया गया है, जिनका मुख्यालय अलग-अलग नामों से है। क्योंकि, अन्य जिलों के मुख्यालय आपको उनके नाम पर ही देखने को मिल जाएंगे। ऐसे में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में इन जिलों के मुख्यालयों के संबंध में प्रश्न पूछे जाते हैं। खासतौर पर उत्तर प्रदेश राज्य की परीक्षाओं में आपको इस तरह के प्रश्न देखने को मिल जाएंगे।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation