दुनिया के हर देश में नदियों का महत्त्व है। हालांकि, बात जब भारत की होती है, तो यह महत्त्व और बढ़ जाता है। क्योंकि, यहां नदियां सिर्फ पानी की धारा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नदियों से लोगों की आस्थाएं भी जुड़ी हुई हैं। यहां नदियों को मां की तरह पूजा जाता है।
भारत के उत्तर से लेकर दक्षिण तक कई नदियों का उद्गम होता है। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश भी ऐसे राज्य हैं, जहां से कई नदियों का उद्गम होता है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच सीमा बनाने वाली नदी कौन-सी है ? यदि आप नहीं जानते हैं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
यूपी और एमपी के बीच सीमा बनाने वाली नदी
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच सीमा बनाने वाली नदी की बात करें, तो यह धसान नदी है, जो कि दोनों राज्यों की सीमा से लगते हुए बहती है।
कहां से निकलती है यह नदी
धसान नदी मध्य भारत की एक नदी है, जो कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में बहती है। इसका उद्गम मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बेगमगंज तहसील से होता है और सागर जिले से होते हुए बहती है।
किस जिले से बनाती है सीमा
धसान नदी मध्य प्रदेश से निकलने के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में प्रवेश करती है। यहां प्रवेश से पहले यह ललितपुर जिले की दक्षिण-पूर्वी सीमा बनाती है।
कितने किलोमीटर की बनाती है सीमा
धसान नदी की कुल लंबाई 365 किलोमीटर है। इसमें से यह 240 किलोमीटर मध्य प्रदेश में बहती है। वहीं, 71 किलोमीटर तक यह उत्तर प्रदेश में प्रवाहित होती है। इसके अतिरिक्त यह एमपी और यूपी के बीच 54 किलोमीटर सीमा बनाती है।
धसान की सहायक नदियां कौन-सी हैं
धसान की सहायक नदियों की बात करें, तो इसकी सहायक नदियां काथन, मंगरार, बचनेरी और रोहनी इसकी प्रमुख सहायक नदियां हैं।
कहां होता है नदी का अंत
धसान नदी मध्य प्रदेश के बाद उत्तर प्रदेश में ही अपना सफर पूरा करती है। इसके बाद अंत में यह उत्तर प्रदेश में ही बेतवा नदी से दाएं से मिल जाती है। ऐसे में यह बेतवा नदी की प्रमुख सहायक नदी है। वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बहने वाली बेतवा नदी यमुना की सहायक नदी है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation