मुकेश अंबानी से लेकर साइरस पूनावाला तक, देखें भारत के शीर्ष 10 अरबपतियों के बंगले

Sep 23, 2021, 18:35 IST

मुकेश अंबानी से लेकर साइरस पूनावाला तक के चर्चे सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हैं। इनमें किसी के पास 12,000 करोड़ का बंगला है, तो किसी के पास 400 करोड़ का। आइए इस लेख के माध्यम से भारत के शीर्ष 10 अरबपतियों के बंगलों पर नज़र डालते हैं।

मुकेश अंबानी से लेकर साइरस पूनावाला तक, देखें भारत के शीर्ष 10 अरबपतियों के बंगले
मुकेश अंबानी से लेकर साइरस पूनावाला तक, देखें भारत के शीर्ष 10 अरबपतियों के बंगले

फोर्ब्स पत्रिका की एक नई सूची के अनुसार, अमेरिका और चीन के बाद, भारत में सबसे ज़्यादा अरबपति हैं। मुकेश अंबानी से लेकर साइरस पूनावाला तक के चर्चे सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हैं। इनमें किसी के पास 12,000 करोड़ का बंगला है, तो किसी के पास 400 करोड़ का। कोई राजधानी दिल्ली में रहता है, तो कोई मुंबई में।

आइए इस लेख के माध्यम से देश के 10 सबसे अमीर शख्सीयतों और उनके बंगलों पर नज़र डालते हैं।

1- मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani)

एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 84.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। उनका घर एंटीलिया (Antilia) दुनिया का दूसरा सबसे महंगा घर है। 4000 वर्ग फुट का ये आलीशान घर मुंबई के अल्टामाउंट रोड पर स्थित है। इसे शिकागो स्थित आर्किटेक्ट पर्किन्स एंड विल द्वारा डिजाइन किया गया है और ऑस्ट्रेलियाई स्थित निर्माण कंपनी लीटन होल्डिंग्स ने इसका निर्माण किया है। इस घर की कीमत लगभग 12,000 करोड़ रुपये है। 

2- गौतम अडानी (Gautam Adani)

देश के दूसरे सबसे अमीर इंसान गौतम अडानी की कुल संपत्ति 50.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। वैसे तो गौतम अडानी गुजरात राज्य के अहमदाबाद शहर में रहते हैं, लेकिन उनका एक आलीशान बंगला लुटियंस दिल्ली में भी स्थित है। साल 2020 में खरीदे गए इस बंगले  कीमत 400 करोड़ रुपये आंकी जाती है। ये बंगला 25,000 वर्ग फुट में बना हुआ है। 

3- शिव नाडर (Shiv Nadar)

देश की जानी मानी कंपनी एचसीएल (HCL) के मालिक शिव नाडर भारत के तीसरे सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी कुल संपत्ति 23.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। वह राजधानी दिल्ली में रहते हैं। साल 2014 में उन्होंने फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट में 115 करोड़ का बंगला खरीदा था, जिसे उन्होंने अपनी बेटी रौशनी नाडर को गिफ्ट किया था। 

4- राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani)

भारत की सबसे अमीर शख्सीयतों की सूची में चौथा स्थान हासिल करने वाले राधाकिशन दमानी की कुल संपत्ति 16.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। दमानी देश की मशहूर सुपरमार्केट चेन डीमार्ट के मालिक हैं। वह मुंबई के मालाबार हिल में स्थित  'मधु कुंज' (Madhu Kunj) नाम के आलीशान बंगले में रहते हैं। ये बंगला 61,916.3 वर्ग फुट में फैला हुआ है और इसकी कीमत 1,001 करोड़ रुपये है।

5- उदय कोटक (Uday Kotak)

उदय कोटक भारत के पांचवे सबसे अमीर शख्स हैं। वह कोटक महिंद्रा बैंक के मालिक हैं। भारत के सबसे अमीर बैंकर की कुल संपत्ति 15.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। वह मुंबई के वर्ली में स्थित शैम्पेन हाउस (Champagne House) में रहते हैं, जिसकी कीमत तकरीबन 385 करोड़ रुपये है। ये बंगला पहले रंजीत चोगले का हुआ करता था, जिसे उदय ने माकी र्केट रेट से 20% महंगा खरीदा था। 

6- लक्ष्मी मित्तल (Lakshmi Niwas Mittal)

स्टील किंग ऑफ इंडिया उर्फ लक्ष्मी मित्तल भारत के छटवें सबसे अमीर इंसान हैं। वह आर्सेलर मित्तल के मालिक हैं, जो दुनिया की सबसे बड़ी स्टील निर्माण करने वाली कंपनियों में से एक है। उनकी कुल संपत्ति 14.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। वह अपने परिवार के साथ लंदन के केंसिंग्टन पैलेस गार्डन स्थित आलीशान बंगले में रहते हैं जिसकी कीमत 2,519 करोड़ रुपये है। इस बंगले में उसी खदान से लिए गए संगमरमर लगे हैं जिससे ताज महल की आपूर्ति की गई थी। 

7-  कुमार मंगलम बिरला (Kumar Mangalam Birla)

भारत के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में सातवें पायदान पर कब्ज़ा करने वाले  कुमार मंगलम बिरला की कुल संपत्ति 12.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। वह भारत के सबसे बड़े समूह में से एक आदित्य बिरला ग्रुप के मालिक हैं। वह सपरिवार मुंबई के मालाबार हिल इलाके में स्थित आलीशान बंगले में रहते हैं, जिसकी कीमत 425 करोड़ रुपये के क़रीब है। उनका बंगला जटिया हाउस (Jatia House) नाम से प्रसिद्ध है, जो 30,000 वर्ग फ़ुट में फ़ैला हुआ है।

8- साइरस पूनावाला (Cyrus S. Poonawalla)

कोविशील्ड बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मालिक साइरस पूनावाला भारत के आठवें सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी कुल संपत्ति 12.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। साल 2015 में उन्होंने लिंकन हाउस (Lincoln House) को 750 करोड़ रुपये में खरीदा था। ये बंगला भूलाभाई देसाई रोड पर स्थित है और 50,000 वर्ग फुट में फैले हुआ है।

9- दिलीप सांघवी (Dilip Shanghvi)

सन फ़ार्मास्युटिकल्स के मालिक दिलीप सांघवी भारत की 10 सबसे अमीर शख्सीयतों की सूची में नौंवे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 10.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर है।  वह शांतम (Shantam) नामक बंगले में रहते हैं जो मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित है। इस आलीशान बंगले की कीमत तकरीबन 10,000 करोड़ रुपये है।

10- सुनील मित्तल (Sunil Mittal)

सूची में दसवें स्थान पर सुनील मित्तल एवं फैमली काबिज़ हैं जिनकी कुल संपत्ति 10.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। सुनील मित्तल अपने परिवार के संग दिल्ली के अमृता शेरगिल मार्ग स्थित आलीशान बंगले में रहते हैं। इसकी कीमत तकरीबन 150 करोड़ रुपये है। 

डिसक्लेमर: इन बिलिनियर्स की कुल संपत्ति में उछाल या गिरावट आती रहती है। ऊपर दी गई जानकारी पब्लिक डोमेन में मौजूद जानकारी पर आधारित है। 

ये भी पढ़ें: भारत में बजट सेडान कारें छोटी क्यों होती हैं?

Arfa Javaid
Arfa Javaid

Content Writer

Arfa Javaid is an academic content writer with 2+ years of experience in in the writing and editing industry. She is a Blogger, Youtuber and a published writer at YourQuote, Nojoto, UC News, NewsDog, and writers on competitive test preparation topics at jagranjosh.com

... Read More

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News