दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हाल ही में दो योजनाओं को लांच किया गया है। ये दो योजनाएं- मुख्यमंत्री महिला सम्मान और संजीवनी योजना है। यदि आप दिल्ली के निवासी हैं, तो ये दो योजनाएं आपके लिए बहुत ही उपयोगी हैं।
क्योंकि, इन योजनाओं के लिए 23 दिसंबर, 2024 से पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके तहत आम आदमी पार्टी द्वारा हर दरवाजे पर दस्तक देने के साथ पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ा जाएगा। ऐसे में यहां जानना जरूरी है कि आखिर इन दो योजनाओं में क्या अंतर है। इस लेख में हम इस बारे में जानेंगे।
मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना
पात्रता
-योजना के लिए महिला दिल्ली की आधिकारिक मतदाता होनी चाहिए।
-इस योजना के लिए महिलाओं की वार्षिक आय ₹2.50 लाख या इससे कम होनी चाहिए।
-महिला की आयु 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम होनी चाहिए।
-यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि जो महिलाएं पहले से किसी पेंशन योजना का लाभ ले रही हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।
-वहीं, यदि महिला के नाम पर कोई चार पहिया वाहन पंजीकृत है, तो इस स्थिति में भी महिला योजना के लिए पात्र नहीं होगी।
-साथ ही, यदि महिला ने बीते वित्तीय वर्ष में आयकर भरा है, तो वह भी इस योजना के लिए अमान्य हो जाएगी।
क्या मिलेगा लाभ
-इस योजना के पात्र महिलाओं को दिल्ली सरकार से ₹1,000 की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
-पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार चुनी जाती है, तो इस राशि को बढ़ाकर ₹2,100 कर दिया जाएगा।
क्या है आवेदन प्रक्रिया
-इस योजना के पंजीकरण के लिए सरकारी कार्यालयों में लाइन नहीं लगानी होगी, बल्कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर यह पंजीकरण करेंगे।
-योजना के पंजीकरण करने की इच्छुक महिलाओं के पास वैध आईडी कार्ड होना चाहिए।
-एक बार पंजीकरण होने पर महिलाओं को सत्यापन के बाद पुष्टि प्राप्त होगी।
-यदि किसी महिला के पास वोटर आईडी कार्ड मौजूद नहीं है, तो उन्हें मतदाता सूची में पंजीकृत किया जाएगा।
संजीवनी योजना
क्या है पात्रता
-इस योजना के लिए व्यक्ति की आयु कम से कम 60 वर्ष होनी चाहिए।
-योजना का लाभ लेने के लिए व्यक्ति दिल्ली का निवासी होना चाहिए।
क्या हैं लाभ
-इस योजना के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के व्यक्ति को दिल्ली सरकार से नि:शुल्क और पूर्ण स्वास्थ्य कवर दिया जाएगा।
-यह योजना मुख्य रूप से मध्यम वर्ग पर केंद्रित की गई है। इसके तहत सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज का खर्च सरकार द्वारा उठाया जाएगा।
कैसे करें आवेदन
-संजीवनी योजना का आवदेन महिला सम्मान योजना के साथ ही किया जाएगा। इसके लिए अलग से कहीं जाने की आवश्यकता नही है।
-पंजीकरण के लिए घर-घर जाकर पात्रता के अनुसार प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
महिला सम्मान और संजीवनी योजना में अंतर
योजना | महिला सम्मान योजना | संजीवनी योजना |
पात्रता | 18 से 60 वर्ष के बीच की महिलाओं के लिए | कम से कम 60 वर्ष के व्यक्ति के लिए |
लाभ | एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता और आप सरकार बनने पर 2100 रुपये | निःशुल्क पूर्ण स्वास्थ्य कवर |
आवेदन | घर पहुंचकर आप पार्टी द्वारा | घर पहुंचकर आप पार्टी द्वारा |
Comments
All Comments (0)
Join the conversation