उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है। यह राज्य पूरे देश के कुल 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि पूरे भारत का करीब 7.33 फीसदी हिस्सा है। भारत का यह राज्य अपनी विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए जाना जाता है।
यहां की संस्कृति में यहां की परंपराएं, खान-पान और वेशभूषा के साथ-साथ यहां की भाषा भी शामिल है। क्या आप जानते हैं कि यूपी में अलग-अलग जिलों में अलग-अलग भाषा का चलन है। यहां उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक अलग-अलग भाषाएं लोगों की जुबान पर हैं।
ऐसे में क्या आप जानते हैं कि यूपी के किस जिले में कौन-सी भाषा बोली जाती है, यदि आप नहीं जानते हैं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश का परिचय
उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। साल 2011 में यहां की आबादी 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी। यह आबादी उस समय कुल भारत की आबादी की 16.5 फीसदी दर्ज की गई थी।
आपको बता दें कि पहले उत्तर प्रदेश को उत्तर-पश्चिम प्रांत के नाम से जाना जाता था। बाद में इसका नाम बदलकर संयुक्त प्रांत हुआ और देश आजाद होने के बाद 24 जनवरी, 1950 को यह उत्तर प्रदेश हो गया।
किन प्रमुख जिलों में बोली जाती है भोजपुरी भाषा
उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में भोजपुरी भाषा का अधिक चलन है। यहां प्रमुख रूप से बलिया, देवरिया, मिर्जापुर, जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखुपर और सिद्धार्थनगर जिलों में लोगों की जुबान पर भोजपुरी भाषा है।
मध्य उत्तर प्रदेश में बोली जाती है अवधी भाषा
उत्तर प्रदेश में एक बड़ी आबादी अवधी भाषा भी बोलती है। इसमें प्रमुख रूप से लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोंडा, सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव, अयोध्या, रायबरेली और सुल्तानपुर जैसे जिलों में अवधी भाषा का चलन है।
इन प्रमुख जिलों में बोली जाती है कन्नौजी भाषा
उत्तर प्रदेश के कन्नौजी भाषा वाले प्रमुख जिलों की बात करें, तो ये कानपुर, पीलीभीत, हरदोई, कासगंज, इटावा, कन्नौज और औरेया है। यहां प्रमुख रूप से कन्नौजी भाषा बोली जाती है।
दक्षिणी भाग में बोली जाती है बुंदेली भाषा
उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में प्रमुख रूप से बुंदेली भाषा का चलन है। इसमें प्रमुख रूप से जालौन, बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, झांसी और ललितपुर जिले शामिल हैं।
इन प्रमुख जिलों में बोली जाती है ब्रज भाषा
उत्तर प्रदेश में प्रमुख रूप से मथुरा, आगरा, हाथरस, मैनपुरी, फिरोजाबाद और अलीगढ़ जैसे जिलों में ब्रज भाषा का चलन है।
पश्चिमी यूपी में बोली जाती है खड़ी भाषा
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भाग का रूख करें, तो यहां हमें लोगों की जुबान पर खड़ी भाषा सुनने को मिलती है। इन प्रमुख जिलों में सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, बदायूं, संभल, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बागपत और बरेली जैसे जिले शामिल हैं।
पढ़ेंः हर Hill Station पर क्यों होता है एक Mall Road, यहां पढ़ें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation