उत्तर प्रदेश भारत का विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं वाला राज्य है। यह अपने आंचल में समृद्ध इतिहास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को समेटे हुए है। यहां के कण-कण में भारत की विरासत की झलक देखने को मिलती है।
कृषि संपन्न यह राज्य देश में सबसे अधिक गेंहू व गन्ना उत्पादन वाला राज्य भी है। इसके साथ ही यह भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है। इसके कुल क्षेत्रफल की बात करें, तो यह 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि पूरे भारत का करीब 7.33 फीसदी है।
वहीं, पूरा भारत पूरी दुनिया का करीब 2.4 फीसदी है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश का कौन-सा जिला सबसे अधिक लिंगानुपात वाला जिला है। यदि आप नहीं जानते हैं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश के कुल जिले
उत्तर प्रदेश के कुल जिलों की बात करें, तो इनकी संख्या 75 हैं, जो कि 18 मंडलों में विभाजित हैं। इन 18 मंडलों में 351 तहसील हैं, जो कि चार संभागों में विभाजित हैं। इसके अतिरिक्त यहां 200 नगर पालिक परिषद्, 28 विकास प्राधिकरण, 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, 17 नगर निगम, 75 नगर पंचायत और 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत के साथ-साथ एक लाख से अधिक ग्राम मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह लखीमपुर खीरी है, जो कि 7680 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इसके बाद सोनभद्र, हरदोई और सीतापुर का नाम आता है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।
उत्तर प्रदेश की कुल लंबाई
उत्तर प्रदेश की पूर्व से लेकर पश्चिम तक की कुल लंबाई 650 किलोमीटर है, वहीं उत्तर से लेकर दक्षिण में यह कुल 240 किलोमीटर तक फैला हुआ है। प्रदेश का सबसे पूर्वी जिला बलिया, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर, सबसे दक्षिणी जिला सोनभद्र और सबसे पश्चिमी जिला शामली है।
उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक लिंगानुपात वाला जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे अधिक लिंगानुपात वाले जिले की बात करें, तो यह जौनपुर जिला है। यह वही जिला है, जो कि शर्की कला के लिए जाना जाता है। यहां के लिंगानुपात की बात करें, तो यह 1024 है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation