दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कई अद्भुत चीजें हैं, जिनमें से कुछ प्रकृति की देन हैं। कुदरत ने कुछ चीजों को अपनी तरह से ढाला है और एक अलग पहचान दी है। यही वजह है कि ऐसी चीजों को कुदरत का करिश्मा भी कहा जाता है, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
इन्हीं में से एक Rainbow Mountain है। अभी तक आपने इंद्रधनुष के सात रंग आसमान में देखे होंगे, लेकिन इन पहाड़ों के नजदीक पहुंचने पर आपको इन पहाड़ों पर अलग-अलग रंग देखने को मिल जाएंगे।
कुदरत के इस करिश्मा को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। कहां हैं ये पहाड़ और क्या है पहाड़ों पर अलग-अलग रंग दिखने की वजह, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
पढ़ेंः भारत में विभिन्न भाषाओं की पहली फिल्मों की सूची, यहां पढ़ें
17 हजार फीट की ऊंचाई पर दिखते हैं रंग
रेनबो माउंटेन की खास बात यह है कि मौसम साफ होने पर जब भी सूरज की रोशनी इस पहाड़ पर पड़ती है, तो 17 हजार फीट की ऊंचाई पर लोगों को इंद्रधनुष के रंगों की तरह अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं। सूर्य की रोशनी में इन रंगों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
किस देश में है Rainbow Mountain
माउंटन रेनबो पेरू में स्थित हैं। यहां पर 5200 मीटर की ऊंचाई पर मोंटाना डी सीएट कोलर्स है, जिसे रेनबो माउंटेन के नाम से जाना जाता है। एक साल में करीब 8 महीने तक यहां पर पर्वत पर अलग-अलग रंगों को देखा जा सकता है।
क्या है अलग-अलग रंग दिखने का कारण
अब सवाल है कि आखिर इस पर्वत पर ये रंग क्यों दिखाई देते हैं। दरअसल, पर्वत पर दिखने वाले इन रंगों को लेकर लोगों के अलग-अलग मत हैं। कुछ लोगों का यह कहना है कि कई वर्षों पहले पर्वत का रंग सामान्य था, लेकिन पत्थरों के क्षरण से इनके ऊपर की मिट्टी बह गई और बाद में इन पत्थरों के रंग नजर आने लगे।
क्या कहते हैं वैज्ञानिक
वैज्ञानिकों ने भी इस पर्वत पर रंग दिखने के पीछे के कारणों को लेकर शोध किया, जिसके बाद वैज्ञानिकों का कहना है कि यहां पर मौजूद खनिजों की वजह से पर्वत पर अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं।
यहां मौजूद आयरन ऑक्साइड की वजह से लाल रंग, आयरन सल्फाइड की वजह से पीला रंग और क्लोराइट की वजह से हरा या नीला रंग दिखाई देता है। यह भी दावा है कि यहां पर पहले हुई बर्फ के पिघलने और उसके जल में मिलने वाले खनिजों की यहां पहुंच से पहाड़ पर अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation