हरियाणा भारत के प्रमुख राज्यों में शामिल है, जो कि विविध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के लिए जाना जाता है। यह राज्य न सिर्फ कृषि और संस्कृति तक सीमित है, बल्कि यह खिलाड़ियों के राज्य के तौर पर भी जाना जाता है।
यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए कई पदक जीते हैं। यहां के प्रत्येक जिले की अपनी विशेषता है, जो कि पूरे राज्य को विशेष बनाने में सहयोग कर रहे हैं। आपने हरियाणा के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि हरियाणा का कौन-सा जिला साइंस सिटी के रूप में जाना जाता है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
हरियाणा में कुल जिले और मंडल
हरियाणा भारत का 20वां सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 44,212 वर्ग किलोमीटर में है। यहां कुल 22 जिले हैं, जो कि 6 मंडलों में आते हैं। इन मंडलों में कुल 73 उपमंडल हैं, जिनमें कुल 97 तहसील हैं। साथ ही यहां 10 नगर निगम, 5 लोकसभा सीटें, 10 राज्यसभा सीटें और 91 विधानसभा सीटें हैं।
हरियाणा का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
हरियाणा के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह सिरसा है। वहीं, सबसे छोटा जिला फरीदाबाद है। जनसंख्या के हिसाब से भी फरीदाबाद जिला सबसे छोटा जिला है।
हरियाणा का सर्वाधिक और न्यूनतम साक्षर जिला
सबसे पहले हम हरियाणा की कुल साक्षरता दर जान लेते हैं, तो आपको बता दें कि साल 2011 में यहां की साक्षरता दर 75.55 फीसदी दर्ज की गई थी। राज्य का सबसे अधिक पढ़ा-लिखा जिला गुरुग्राम है और सबसे कम पढ़ा-लिखा जिला नूंह है।
कौन-सा जिला कहलाता है साइंस सिटी
अब सवाल है कि हरियाणा का कौन-सा जिला साइंस सिटी के रूप में जाना जाता है, तो आपको बता दें कि हरियाणा की साइंस सिटी अंबाला जिला है।
क्यों कहा जाता है साइंस सिटी
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर अंबाला को हम साइंस सिटी क्यों कहते हैं, तो आपको बता दें कि अंबाला में वैज्ञानिक उपकरण उद्योग केंद्रित है। एक अनुमान के मुताबिक, यहां देश का करीब 40 फीसदी विज्ञान उपकरण उद्योग है, जिससे इस शहर को हम साइंस सिटी के रूप में भी जानते हैं।
आपको बता दें कि इस शहर के बारे में कहा जाता है कि एक समय में यहां आम के बहुत बाग मौजूद थे, जिससे इसका नाम आम्ब वाला पड़ गया और बाद में यह अंबाला हो गया।
पढ़ेंः हरियाणा के किस जिले को कहा जाता है कपड़ों का शहर, जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation