उत्तर प्रदेश भारत में विविधताओं से भरा राज्य है। यहां के अलग-अलग जिलों में आपको अलग-अलग संस्कृति, परंपराएं और ऐतिहासिक स्थल देखने को मिल जाएंगे। भारत के इस राज्य में सबसे अधिक जिले हैं।
इसके साथ ही यह राज्य सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य भी है। साल 2011 में यहां की जनसंख्या 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी। वर्तमान में यह आंकड़ा 24 करोड़ को पार कर गया है।
प्रदेश में शिक्षा का उजियारा लगातार फैल रहा है। इस कड़ी में हमें अलग-अलग जिलों में अलग-अलग साक्षरता दर देखने को मिलती है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश के किस जिले में सबसे कम पढ़ी-लिखी महिलाएं हैं। यदि आप नहीं जानते हैं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले
उत्तर प्रदेश में कुल जिलों की बात करें, तो इनकी संख्या 75 है। ये जिले कुल 18 मंडलों में फैले हुए हैं, जो कि चार संभागों में आते हैं। ये चार संभागः पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड हैं। इसके अतिरिक्त यहां 200 नगर पालिक परिषद्, 17 नगर निगम, 28 विकास प्राधिकरण, 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण और 351 तहसील मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे छोटा और सबसे बड़ा जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह लखीमपुर खीरी है, जो कि 7680 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमटीर में फैला हुआ है। प्रदेश का सबसे पूर्वी जिला बलिया, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर, सबसे दक्षिणी जिला सोनभद्र और सबसे पश्चिमी जिला शामली है।
उत्तर प्रदेश में कुल साक्षरता दर
उत्तर प्रदेश की कुल साक्षरता दर की बात करें, तो यह 67.68 प्रतिशत है। इसमें से पुरुषों की साक्षरता दर 77.3 प्रतिशत और महिलाओं की साक्षरता दर 57.2 प्रतिशत है। यह आंकड़े साल 2011 में दर्ज किए गए थे।
किस जिले में हैं सबसे कम पढ़ी-लिखी महिलाएं
अब हम यूपी के सबसे कम पढ़ी-लिखी महिलाओं वाले जिले के बारे में जान लेते हैं। आपको बता दें कि यूपी के श्रावस्ती जिले में सबसे कम पढ़ी-लिखी महिलाएं हैं। यहां महिलाओं की साक्षरता दर 34.8 फीसदी है। यही वजह है कि यह सबसे कम पढ़ी-लिखी महिलाओं वाला जिला है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह यूपी में सबसे अधिक पढ़ी-लिखी महिलाओं वाले जिले के बारे में जानने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंः उत्तर प्रदेश के किस जिले में हैं सबसे अधिक साक्षर महिलाएं, जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation