उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 240, 928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि भारत के 7.33 फीसदी हिस्से पर है। यह राज्य न सिर्फ अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है, बल्कि गौरवशाली और समृद्ध इतिहास के लिए विश्व विख्यात है।
यहां की संस्कृति में ब्रज क्षेत्र भी महत्त्वपूर्ण है, जो कि 84 कोस में विस्तारित है। इस कड़ी में क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश के कितने जिले ब्रज क्षेत्र में आते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले
सबसे पहले हम यह जान लेते हैं कि उत्तर प्रदेश में कुल कितने जिले हैं ? आपको बता दें कि यूपी पूरे भारत में सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। यहां कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। ये मंडल कुल चार संभागों का हिस्सा हैं, जिनमें पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड हैं।
इसके अतिरिक्त यहां बघेलखंड और रोहिलखंड भी है। प्रदेश में कुल 351 तहसील, 437 नगर पंचायत, 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत, 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद्, 826 सामुदायिक विकास खंड और 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े जिले की बात करें, तो यह लखीमपुर खीरी जिला है। यह जिला कुल 7680 वर्ग किलोमीटर में है। वहीं, सबसे छोटे जिले की बात करें, तो यह हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में है। यूपी का लखीमपुर खीरी जिला मेंढक मंदिर के लिए जाना जाता है, तो हापुड़ शहर स्टील सिटी के रूप में प्रसिद्ध है।
उत्तर प्रदेश के चार दिशाओं के चार जिले
उत्तर प्रदेश के सबसे पूर्वी जिले की बात करें, तो यह बलिया है। वहीं, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर है। सबसे दक्षिणी जिले की बात करें, तो यह सोनभद्र है और सबसे पश्चिमी जिला शामली है।
क्या है ब्रज क्षेत्र
ब्रज क्षेत्र उत्तर भारत में स्थित एक क्षेत्र है, जो कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान तक फैला हुआ है। उत्तर प्रदेश में इसका महत्त्व अधिक बढ़ जाता है। क्योंकि, यहां भगवान श्रीकृष्ण से इसका संबंध है।
यूपी के ये जिले हैं ब्रज क्षेत्र का हिस्सा
अब सवाल है कि उत्तर प्रदेश के कौन-से जिले ब्रज क्षेत्र का हिस्सा हैं, तो आपको बता दें कि मथुरा, अलीगढ़, आगरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, गौतम बौद्ध नगर, बुलंदशहर और कासगंज ब्रज क्षेत्र के जिले हैं। ब्रज को भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली माना जाता है, जो कि 84 कोस की परिधि में है।
यहां की परिक्रमा का विशेष महत्त्व है। परिक्रमा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े कई स्थल, सरोवर, वन, मंदिर और कुंड स्थित हैं, जो कि श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं।
पढ़ेंः उत्तर प्रदेश के किस जिले को कहा जाता है मेले का शहर, जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation