आधार कार्ड एक ऐसा सरकारी दस्तावेज है, जिसके बिना आप सरकारी सेवाओं का लाभ नहीं उठा सकते हैं। भारत में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए आधार कार्ड उसकी पहचान का जरिया है। हम एक बार आधार कार्ड बनवा तो लेते हैं, लेकिन समय-समय पर हमें उसे कई बार अपडेट करना होता है। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि एक आधार कार्ड को कितनी बार अपडेट किया जा सकता है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
कितनी बार बनवा सकते हैं आधार कार्ड
सबसे पहले, तो हम यह जान लेते हैं कि आधार कार्ड को कितनी बार बनवाया जा सकता है, तो आपको बता दें कि 12 अंकों का आधार कार्ड सिर्फ एक ही बार बनवाया जा सकता है।
कितनी बार हो सकता है अपडेट
आपको बता दें कि एक आधार कार्ड को उसमें दी गई अलग-अलग जानकारी के हिसाब से अपडेट किया जा सकता है। कुछ जानकारी को बार-बार अपडेट किया जा सकता है, जबकि कुछ जानकारी को सिर्फ निश्चित अवधि तक अपडेट किया जा सकता है।
जन्म तिथि में इतनी बार हो सकता है अपडेट
आपको बता दें कि यूआईईडीएआई की ओर से सिर्फ एक ही बार जन्म तिथि बदलने का मौका मिलता है। यदि आपने एक बार जन्म तिथि बदल दी है, तो दूसरी बार ऐसा करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
नाम में इतनी बार हो सकता है बदलाव
यदि आधार कार्ड में आपको अपने नाम में बदलाव करना है, तो आप ऐसा दो बार कर सकते हैं। इसके लिए आप ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जेंडर में इतनी बार हो सकता है बदलाव
आपको बता दें कि आधार कार्ड में जेंडर में परिवर्तन करने के लिए भी सख्त नियम है। आधार कार्ड में जन्म तिथि की तरह जेंडर में भी बदलाव के लिए एक ही मौका मिलता है।
इस जानकारी को बार-बार कर सकते हैं अपडेट
अब सवाल है कि आखिर किस जानकारी को बार-बार अपडेट किया जा सकता है, तो आपको बता दें कि आप अपने आधार कार्ड में घर का पता बार-बार बदलवा सकते हैं। ठीक इसी प्रकार मोबाइल नंबर और फोटो में भी कई बार परिवर्तन किया जा सकता है। इसे लेकर आधार कार्ड में कोई नियम नहीं है। ऐसे में आप इन तीनों जानकारी में जितना मन चाहे, उतनी बार परिवर्तन कर सकते हैं।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation