ICC Cricket World Cup में खेलने वाले 5 सबसे बुजुर्ग एवं युवा खिलाड़ी
आज 30 मई 2019 से इंग्लैंड और वेल्स में क्रिकेट का महाकुम्भ कहा जाने वाला ICC Cricket World Cup शुरू हो चुका है. इस विश्व कप में सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर है जबकि सबसे कम उम्र के खिलाड़ी अफगानिस्तान के अठारह वर्षीय मुजीब उर रहमान हैं. इस लेख में क्रिकेट विश्व कप के सबसे बुजुर्ग और युवा खिलाडियों के बारे में बताया गया है.
हम में से प्रत्येक व्यक्ति ने कभी ना कभी यह कहावत सुनी होगी कि “उम्र तो एक संख्या है और व्यक्ति के काम या प्रदर्शन से इसका कोई लेना देना नहीं है. लेकिन सच्चाई यह है कि मानव जीवन में कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहाँ उम्र का बहुत महत्व है, जिसमें एक प्रमुख क्षेत्र खेल है.
क्रिकेट के खेल में भी ऐसा माना जाता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी खिलाड़ी के पदार्पण (Debut) एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की आयु-सीमा 20-40 वर्ष होती है. लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने 20 वर्ष की आयु से पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया है तथा कुछ खिलाड़ियों ने 40 वर्ष की आयु के बाद भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना अंतिम मैच खेला है.
इस लेख में हम क्रिकेट विश्व कप की पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट विश्व कप में खेलने वाले 5 सबसे बुजुर्ग एवं 5 सबसे युवा खिलाड़ी की सूची तथा वनडे क्रिकेट से जुड़े उनके आंकड़ों का विवरण दे रहे हैं. मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास भी है कि सूची में शामिल कई खिलाड़ियों के बारे में आप में से अधिकांश लोग नहीं जानते होंगे.
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के विजेताओं और उपविजेताओं की सूची
क्रिकेट विश्व कप में खेलने वाले 5 सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी
1. नोलन क्लार्क (नीदरलैंड)
विश्व कप में अंतिम मैच खेलते समय आयु: 47 वर्ष 257 दिन

दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के लेग ब्रेक गुगली गेंदबाज नोलन क्लार्क ने विश्व कप में अपना अंतिम मैच 5 मार्च 1996 को रावलपिंडी (पाकिस्तान) में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध खेला था.
अपने 5 मैच के छोटे से अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में नोलन क्लार्क ने 10 की औसत से कुल 50 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 32 रन था. इसके अलावा उन्होंने 3 कैच भी पकड़े थे. नोलन क्लार्क के नाम सर्वाधिक उम्र में अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने का भी रिकॉर्ड है.
2. जॉन ट्राईकस (जिम्बाब्वे)
विश्व कप में अंतिम मैच खेलते समय आयु: 44 वर्ष 306 दिन
दाएं हाथ के बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज जॉन ट्राईकस ने विश्व कप में अपना अंतिम मैच 18 मार्च 1992 को अल्बुरी (ऑस्ट्रेलिया) में इंग्लैंड के विरूद्ध खेला था. 1983 से 1993 तक के अपने 10 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में जॉन ट्राईकस ने 27 मैच खेले.
इन 27 मैचों में उन्होंने 11 की औसत से कुल 88 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 19 रन था. इसके अलावा उन्होंने 35 रन देकर 3 विकेट लेने के सर्वश्रेठ प्रदर्शन के साथ कुल 19 विकेट लिए थे और 3 कैच भी पकड़े थे. जॉन ट्राईकस ने जिम्बाब्वे के अलावा दक्षिण अफ्रीका के लिए भी टेस्ट मैच खेले थे.
3. खुर्रम खान (संयुक्त अरब अमीरात)
विश्व कप में अंतिम मैच खेलते समय आयु: 43 वर्ष 267 दिन

बाएं हाथ के बल्लेबाज तथा बाएं हाथ के धीमी गति के गेंदबाज खुर्रम खान ने विश्व कप में अपना अंतिम मैच 15 मार्च 2015 को नेपियर (न्यूजीलैंड) में वेस्ट इंडीज के विरूद्ध खेला था. 2004 से 2015 तक के अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में खुर्रम खान ने केवल 16 मैच खेले.
इन 16 मैचों में उन्होंने 41.57 की औसत तथा 1 शतक एवं 3 अर्द्धशतक की मदद से कुल 582 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 132 रन था. इसके अलावा उन्होंने 32 रन देकर 4 विकेट लेने के सर्वश्रेठ प्रदर्शन के साथ कुल 12 विकेट लिए थे और 6 कैच भी पकड़े थे.
खुर्रम खान के नाम अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक उम्र (43 वर्ष 162 दिन) में शतक लगाने क रिकॉर्ड है. उन्होंने यह कारनामा नवंबर 2014 में अफगानिस्तान (नाबाद 132) के खिलाफ किया था.
4. लेनी लाउ (नामीबिया)
विश्व कप में अंतिम मैच खेलते समय आयु: 43 वर्ष 236 दिन
दाएं हाथ के बल्लेबाज तथा बाएं हाथ के गेंदबाज लेनी लाउ ने विश्व कप में अपना पदार्पण और अंतिम मैच 10 फरवरी 2003 को हरारे (जिम्बाब्वे) में जिम्बाब्वे के विरूद्ध खेला था. अपने करियर के एकमात्र वनडे मैच में लेनी लाउ को बल्लेबाजी करने का अवसर नहीं मिला, लेकिन उन्होंने 10 ओवर के गेंदबाजी स्पेल में 60 रन देकर 1 विकेट प्राप्त किया. इसके अलावा उन्होंने इस मैच में 1 कैच भी लपका था.
5. फ्लेवियन अपोंसो (नीदरलैंड)
विश्व कप में अंतिम मैच खेलते समय आयु: 43 वर्ष 129 दिन

बाएं हाथ के बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज फ्लेवियन अपोंसो ने विश्व कप में अपना अंतिम मैच 5 मार्च 1996 को रावलपिंडी (पाकिस्तान) में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध खेला था.
अपने 5 मैचों के अपने छोटे अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में फ्लेवियन अपोंसो ने 30 की औसत तथा 1 अर्द्धशतक की मदद से कुल 120 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 58 रन था. इसके अलावा उन्होंने 57 रन देकर 1 विकेट लेने के सर्वश्रेठ प्रदर्शन के साथ कुल 2 विकेट लिए थे.
क्रिकेट विश्व कप में खेलने वाले 5 सबसे युवा खिलाड़ी
1. नितीश कुमार (कनाडा)
विश्व कप में पदार्पण के समय आयु: 16 वर्ष 283 दिन
दाएं हाथ के बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज नितीश कुमार ने विश्व कप में अपना पहला मैच 28 फरवरी 2011 को नागपुर (भारत) में जिम्बाब्वे के विरूद्ध खेला था. 2010 से 2014 तक के अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में नितीश कुमार कुल 16 मैच खेले. इन 16 मैचों में उन्होंने 15.50 की औसत से कुल 217 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 38 रन था. इसके अलावा उन्होंने 40 रन देकर 2 विकेट के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 2 विकेट लिए थे तथा 7 कैच भी पकड़े थे.
2. तल्हा जुबैर (बांग्लादेश)
विश्व कप में पदार्पण के समय आयु: 17 वर्ष 70 दिन

दाएं हाथ के बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज तल्हा जुबैर ने विश्व कप में अपना पदार्पण 18 फरवरी 2003 को बेनोनी (दक्षिण अफ्रीका) में वेस्ट इंडीज के विरूद्ध किया था.
लगभग 6 महीने के अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में तल्हा जुबैर ने कुल 6 मैच खेले. इन 6 मैचों में उन्होंने 2.50 की औसत से कुल 5 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 4 रन था. इसके अलावा उन्होंने 65 रन देकर 4 विकेट लेने के सर्वश्रेठ प्रदर्शन के साथ कुल 6 विकेट लिए थे और 1 कैच भी पकड़ा था.
3. एलेक्सी कर्वेजी (नीदरलैंड)
विश्व कप में पदार्पण के समय आयु: 17 वर्ष 186 दिन
दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज एलेक्सी कर्वेजी ने विश्व कप में अपना पहला मैच 16 मार्च 2007 को बेस्सेतेरे (सेंट किट्स एवं नेविस) में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध खेला था.
वर्ष 2006 से 2012 तक के अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में एलेक्सी कर्वेजी ने कुल 39 मैच खेले. इन 39 मैचों में उन्होंने 28 की औसत तथा 4 अर्द्धशतक की मदद से कुल 924 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 92 रन था. इसके अलावा उन्होंने 18 कैच भी पकड़े थे.
4. सुदथ पस्कुअल (श्रीलंका)
विश्व कप में पदार्पण के समय आयु: 17 वर्ष 237 दिन
बाएं हाथ के बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज सुदथ पस्कुअल ने विश्व कप में अपना पदार्पण मैच 9 जून 1979 को नॉटिंगघम (इंग्लैंड) में न्यूजीलैंड के विरूद्ध खेला था. 2 मैच के छोटे से अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में सुदथ पस्कुअल ने 24 की औसत से कुल 24 रन बनाए और उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 23 रन था.
5. मलाची जोंस (बरमूडा)
विश्व कप में पदार्पण के समय आयु: 17 वर्ष 266 दिन
दाएं हाथ के बल्लेबाज तथा दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज मलाची जोंस ने विश्व कप में अपना पहला मैच 19 मार्च 2007 को पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिदाद एंड टोबैगो) में भारत के विरूद्ध खेला था.
वर्ष 2006 से 2007 तक के अपने एक साल के अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में मलाची जोंस ने कुल 12 मैच खेले थे. इन 12 मैचों में उन्होंने 11.30 की औसत से कुल 113 रन बनाए थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 27 रन था. इसके अलावा उन्होंने 25 रन देकर 2 विकेट लेने के सर्वश्रेठ प्रदर्शन के साथ कुल 8 विकेट लिए थे तथा 6 कैच भी पकड़े थे.
उपरोक्त वर्णित सूची में लगभग सभी खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर बहुत छोटा था, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हुए हैं, जिन्होंने बहुत कम उम्र में क्रिकेट विश्व कप में पदार्पण किया और उनका अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर भी काफी लंबा रहा है. ऐसे खिलाड़ियों में तमीम इकबाल (बांग्लादेश), जावेद मियांदाद (पाकिस्तान) तथा मुशफिकुर रहीम (बांग्लादेश) प्रमुख हैं.
क्रिकेट विश्व कप 2019 में सबसे युवा और बुजुर्ग खिलाड़ी;
मुजीब उर रहमान: क्रिकेट विश्व कप 2019 में अफगानिस्तान के अठारह वर्षीय मुजीब उर रहमान सबसे कम उम्र के क्रिकेटर होंगे. इस ऑफ स्पिनर ने 2017 में अपना वनडे डेब्यू किया और थोड़े ही समय में उन्होंने 28 मैचों में 3.74 की इकॉनमी से 51 विकेट चटकाए हैं.

इमरान ताहिर: विश्व कप 2019 में सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर है जिनकी उम्र 40 वर्ष 64 दिन है. ताहिर का जन्म 1979 में लाहौर पंजाब में हुआ था. इमरान ताहिर अपने एक दिवसीय करियर के 98 मैचों में 162 विकेट ले चुके हैं और उनका बेस्ट बोलिंग फिगर 45 रन देकर 7 विकेट लेना है और 3 बार 5 विकेट भी लेने के साथ साथ 23 कैंच भी पकडे हैं. उन्होंने विश्व कप 2019 का पहला विकेट भी ले लिया है.
उम्मीद है कि इन सबसे उम्र दराज और युवा खिलाडियों के बारे में जानकर आपके क्रिकेट नॉलेज में काफी वृद्धि हुई होगी.
निखिलेश मिश्रा (लेखक)
(गुड्स गार्ड, अलीपुरद्वार जंक्शन, पश्चिम बंगाल)
(लेखक भारतीय रेलवे में गुड्स गार्ड के पद पर कार्यरत हैं तथा क्रिकेट से संबंधित आंकड़ों के विश्लेषण में रूचि रखते हैं)
ऐसे भारतीय खिलाड़ी जो विश्व कप टीम में होने के बावजूद एक भी मैच नहीं खेले
ICC क्रिकेट विश्व कप 2019 में कौन-कौन से नए नियम लागू होंगे?
Gaurav Kumar is an education industry professional with 10+ years of experience in teaching, aptitude training and test prep. He’s a graduate in Computer Science, postgraduate in Yoga Therapy and has previously worked with organizations like Galgotia College of Engineering and The Manya Group. At jagranjosh.com, he writes and manages content development for School and General Knowledge sections. He can be reached at gaurav.kumar@jagrannewmedia.com